विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

देवोत्थान पर गूंजेगी शहनाइयां: शामली में 600+ शादियों का अनुमान, मैरिज होम और बैंडबाजों की बुकिंग शुरू

Published: Sat, 14 Nov 2026 04:31 PM (IST)

शामली में देवोत्थान एकादशी (20 नवंबर) से विवाह समारोहों का सिलसिला शुरू हो रहा है, जिसमें 600 से अधिक शादियों का अनुमान है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

जागरण संवाददाता, शामली। चार माह के चातुर्मास के बाद 20 नवंबर को देवोत्थान एकादशी के साथ ही जिले में शहनाइयों की गूंज सुनाई देने लगेगी। इसी दिन से विवाह समारोहों का सिलसिला शुरू हो जाएगा।

देवोत्थान एकादशी पर शहर से लेकर देहात तक 800 से अधिक जोड़ों के विवाह बंधन में बंधने का अनुमान है। सहालग को लेकर होटल, लॉज, मैरिज होम, वेंकट हाल और गेस्ट हाउसों में बुकिंग शुरू हो गई है। वहीं शादी समारोह से जुड़े अन्य कारोबारियों ने भी तैयारियां तेज कर दी हैं।

मान्यता के अनुसार, भगवान विष्णु देवशयनी एकादशी पर चार माह के लिए योगनिद्रा में चले जाते हैं। इस दौरान विवाह समेत मांगलिक कार्यों पर विराम रहता है। 20 नवंबर को देवोत्थान एकादशी पर भगवान विष्णु के जागने के साथ ही मांगलिक कार्यों की शुरुआत होगी। इस दिन घरों और मंदिरों में विशेष पूजा-अर्चना की जाएगी। तुलसी और शालिग्राम का विवाह कराया जाएगा। भगवान को सिंघाड़े, गन्ने और मूंगफली समेत मौसमी फलों का भोग लगाया जाएगा।

पंडित विपिन शास्त्री ज्योतिषाचार्य के अनुसार, देवोत्थान एकादशी से विवाह के शुभ मुहूर्त शुरू हो जाएंगे। नवंबर में 21,22, 24, 25, 26 और 30 तारीख को विवाह के छह मुहूर्त हैं। दिसंबर में दो, तीन, चार, पांच, छह, सात, आठ 11 और 12 तारीख को नौ शुभ मुहूर्त रहेंगे। इस तरह नवंबर और दिसंबर में कुल 15 शुभ मुहूर्त मिलेंगे।

सजावट और कैटरिंग के बढ़ सकते हैं दाम

होटल बैंकटहाल संचालकों के अनुसार होटल और रेस्टोरेंट में बुकिंग शुरू हो गई है। मैरिज होम की बुकिंग दरों में फिलहाल कोई बड़ी बढ़ोतरी नहीं की गई है। हालांकि मैरिज होम की सजावट, फूलों की सजावट, लाइट, साउंड और बेहतर सर्विस के दाम बढ़ सकते हैं।

अधिक मांग वाले सहलग के दिनों में इनकी कीमतों में और अंतर आ सकता है। वहीं शादी समारोह में भोजन की थाली का रेट उसमें शामिल व्यंजनों और ग्राहकों की पसंद के अनुसार तय होगा। स्नैक्स और अन्य खानपान की कीमतें भी मांग और आइटम के हिसाब से निर्धारित की जाएंगी।

हलवाई और बैंडबाजों की बुकिंग भी हुई तेज

शादियों के सीजन के नजदीक आते ही हलवाई, कैटरिंग और बैंडबाजों की बुकिंग भी तेज हो गई है। शादियों में दिए जाने वाले गिफ्ट, दुपहिया व चौपहिया वाहनों की बुकिंग भी तेजी से हो रही है। शादियों के फनीर्चर, इलेक्ट्रानिक्स सामान की बिक्री में भी तेजी आई है।

यह भी पढ़ें- दीपावली और धनतेरस पर बाजारों में जमकर हुई धनवर्षा, शामली में 90 करोड़ के कारोबार का अनुमान

यह भी पढ़ें- शामली के वेदांश कालखंडे का चयन चंडीगढ़ की अंडर-16 क्रिकेट टीम में, 14 से शुरू होंगे प्रतियोगिता के मुकाबले

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।