दीपावली और धनतेरस पर बाजारों में जमकर हुई धनवर्षा, शामली में 90 करोड़ के कारोबार का अनुमान
शामली जिले में धनतेरस से दीपावली तक बाजारों में खूब रौनक रही और खरीदारों की भीड़ उमड़ी। व्यापारियों के अनुमान ...और पढ़ें

ये तस्वीर AI द्वारा जनरेट की गई है।
HighLights
शामली में धनतेरस से दीपावली तक 90 करोड़ का कारोबार हुआ।
सोना, ऑटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, मिठाई में बंपर बिक्री दर्ज।
पटाखों का कारोबार भी 12 करोड़ रुपये तक पहुंच गया।
जागरण संवाददाता, शामली। धनतेरस से लेकर दीपावली तक जिले के बाजारों में जमकर धनवर्षा हुई। पंच पर्व के दौरान बाजारों में खरीदारों की भीड़ रही। परंपरागत खरीदारी के साथ आधुनिक जरूरतों से जुड़े उत्पादों की भी खूब बिक्री हुई।
सोना-चांदी, आभूषण, बर्तन, आटोमोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स, मोबाइल, कपड़े, मिठाई और सजावटी सामान की दुकानों पर ग्राहकों की खरीदारी की। व्यापारियों के अनुमान के मुताबिक धनतेरस से दीपावली तक जिले में करीब 90 करोड़ रुपये का कारोबार हुआ है।
दीपावली के पंच पर्व पर पर लोगों ने परंपरा के अनुसार सोने-चांदी के आभूषण, सिक्के, स्टील, तांबे, पीतल और कांसे के बर्तनों की खरीदारी की। इलेक्ट्रिक उपकरणों, फ्रिज, वाशिंग मशीन, एलईडी टीवी, मिक्सी, ओवन और अन्य घरेलू उपकरणों की जमकर खरीदारी की। वर्मा मार्केट में मोबाइल फोन खरीदने वालों की भीड़ रही।
ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए दुकानदारों ने विभिन्न आफर भी दिए। आटोमोबाइल सेक्टर में भी खूब रौनक रही। दोपहिया और चारपहिया वाहनों के साथ ट्रैक्टर की खरीदारी में किसानों ने रुचि दिखाई। दीपावली पर मिठाई विक्रेताओं की दुकानों पर दिनभर ग्राहकों की भीड़ रही।
पारंपरिक मिठाइयों के अलावा ड्राई फ्रूट्स की टोकरी, हेल्दी गिफ्ट पैक और आकर्षक पैकिंग वाले उपहारों की मांग रही।
शहर के बड़ा बाजार, गांधी चौक, नया बाजार, नेहरू मार्केट, कबाड़ी बाजार, हनुमान रोड, मिल रोड, धीमानपुरा और कैराना रोड समेत शहर के प्रमुख बाजारों में दीपावली के देर शाम तक चहल-पहल रही। सजावटी सामान, वंदनवार, रंगोली, मोमबत्ती, फूलों की झालर, मिट्टी के दीये, लक्ष्मी-गणेश की मूर्तियां, खील-बताशे और झाड़ू की भी खूब बिक्री हुई।
पटाखों का करोड़ों का कारोबार
मुख्यालय के वीवी डिग्री कालेज में पटाखों की करीब 80 दुकानें लगाई गई थीं। इसमें अनार, राकेट, चरखी, स्काई शाट और अन्य आतिशबाजी की बिक्री हुई। कैराना, कांधला, थानाभवन, झिंझाना समेत अन्य कस्बों में भी पटाखों की दुकानें सजी रहीं। जिले में पटाखों का कारोबार करीब 10 से 12 करोड़ रुपये रहने का अनुमान है।
यह भी पढ़ें- दीवाली और गोवर्धन पूजा पर क्यों होती है चोपड़ पूजा? पढ़ें गुजराती नववर्ष और बही-खातों से जुड़ी अनोखी परंपरा
विभिन्न कारोबार का अनुमानित ब्योरा (करोड़ रुपये में)
- सर्राफा कारोबार : 20 करोड़
- आटोमोबाइल कारोबार : 21 करोड़
- बर्तन कारोबार : 5 करोड़
- इलेक्ट्रिकल एवं इलेक्ट्रानिक्स : 9 करोड़
- मिठाई कारोबार : 5 करोड़
- ड्राई फ्रूट्स गिफ्ट पैक : 3 करोड़
- मोबाइल कारोबार : 4 करोड़
- पटाखा कारोबार : 12 करोड़
- साड़ी, सूट, रेडिमेड : 6 करोड़
- सजावटी सामान : 3 करोड़
- मिट्टी के दीये एवं मूर्तियां : 1 करोड़
- झाड़ू, खील-बताशे आदि : 1 करोड़
- कुल अनुमानित कारोबार : 90 करोड़ रुपये।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।