विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गांव-देहात की रागिनी को संवारने की जगी उम्मीद, एक जिला-एक कला योजना से मिलेगी कलाकारों को पहचान

Published: Mon, 23 Nov 2026 03:59 PM (GMT+05:30)

शामली में 'एक जिला-एक कला' योजना से किराना घराने की शास्त्रीय गायकी, लोक रागिनी और शायरी को नई पहचान मिलने की उम्मीद जगी है।   

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. एक जिला-एक कला योजना से शामली की कला को नई पहचान।

  2. किराना घराना, लोक रागिनी और शायरी को मिलेगा सरकारी समर्थन।

  3. कलाकारों को प्रशिक्षण, मंच और रोजगार के अवसर प्रदान होंगे।

अनुज सैनी, शामली। प्रदेश सरकार की एक जिला, एक कला योजना से शामली जिले की समृद्ध सांस्कृतिक पहचान को नया जीवन मिलने की उम्मीद जगी है। कैराना के किराना घराने, प्रसिद्ध शायर मुजफ्फर रज्मी की विरासत, देहाती फिल्मों और लोक रागिनी को इस योजना से जोड़ने पर कलाकारों को सम्मान, बड़ा मंच और रोजगार मिल सकेगा।

जिले की कला और संस्कृति की जड़े बेहद गहरी और गौरवशाली हैं। 11 नवंबर 1872 को जन्मे उस्ताद अब्दुल करीम खां और उनके चचेरे भाई उस्ताद अब्दुल वहीद खां ने जन्मभूमि कैराना के नाम पर किराना घराने की नींव रखी थी। इस घराने की ख्याल गायकी, ठुमरी, दादरा और भजन शैली की गूंज देश-विदेश के राजदरबारों से लेकर आमजन के दिलों तक पहुंची। इस घराने की जड़े महाराष्ट्र से लेकर देश के कई हिस्सों में फैलीं।

इसी परंपरा से भारत रत्न पंडित भीमसेन जोशी, सवाई गंधर्व, हीराबाई बड़ोदेकर, गंगूबाई हंगल, उस्ताद अमीर खां और पार्श्वगायक मोहम्मद रफी जैसे दिग्गज कलाकार निकले। वर्ष 1970 में गायक मन्ना डे ने कैराना की माटी को संगीतकारों का तीर्थ बताते हुए नंगे पांव चलकर इस धरती को नमन किया था।

फाइलों में ही अटके सरकारी प्रयास

विडंबना यह है कि इतनी बड़ी विरासत को सहेजने के सरकारी प्रयास अब तक फाइलों में ही अटके हैं। वर्ष 2019 में विधानसभा में किराना घराने का मुद्दा गूंजा और 2023 में शासन ने यहां म्यूजियम व स्मृति द्वार बनाने के लिए रिपोर्ट मांगी।

राजस्व टीम की जांच में उस्ताद का पैतृक मकान खंडहरनुमा मिला, जिसकी रिपोर्ट शासन को भेजी गई, लेकिन काम आगे नहीं बढ़ सका। इसके अलावा जिले के ग्रामीण अंचल में रागिनी और देहाती फिल्मों ने आमजन की बोली और लोक संस्कृति को जीवित रखा है, लेकिन प्रशिक्षण केंद्रों और आर्थिक प्रोत्साहन के अभाव में युवा कलाकार दूसरे काम करने को मजबूर हैं।

प्रशिक्षण, महोत्सव और मानदेय की व्यवस्था जरूरी

संगीत प्रेमी एवं साहित्य से जुड़े कवि डॉ. विपिन कौशिक का कहना है कि बाहर से बड़े कलाकार यहां की मिट्टी को चूमने आते हैं, लेकिन जिला स्तर पर संगीत सीखने की कोई व्यवस्था नहीं है।

शामली के मशहूर शायर डॉ. प्रदीप मायूस एवं कैराना के शायर अंसार सिद्दीकी कहते है कि मुजफ्फर रज्मी ने देश विदेश तक देश का नाम ऊंचा किया, सरकार को इनकी स्मृति में ठोस कदम उठाने चाहिए।

देहाती फिल्मों से जुड़े फिल्म डायरेक्टर विकास सैनी एवं रागिनी कलाकार सत्यवान व बलजोर का मानना है कि यदि योजना के तहत नियमित प्रशिक्षण, महोत्सव और मानदेय मिले, तो नई पीढ़ी अपनी जड़ों से जुड़ सकेगी।

मुज्जफर रज्मी शायरी ने मनवाया विदेशों तक लोहा

कैराना की धरती ने मुजफ्फर रज्मी जैसे नामचीन शायर भी दिए। पांच जून 1935 को जन्मे रज्मी ने सऊदी अरब, दुबई और पाकिस्तान तक अपनी शायरी का लोहा मनवाया। पूर्व प्रधानमंत्री डॉ. मनमोहन सिंह से लेकर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी तक ने संसद में उनके मशहूर शेर लम्हों ने खता की थी, सदियों ने सजा पाई को पढ़ा है।

सादगी से जीवन जीने वाले रज्मी के 19 सितंबर 2012 को निधन के बाद उनका परिवार आर्थिक और कानूनी मुश्किलों से जूझ रहा है। पैतृक मकान का विवाद एसडीएम कोर्ट में चल रहा है। परिवार ने मदद के लिए प्रधानमंत्री को पत्र भी लिखा है।

जिले की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत, किराना घराने की गायकी और लोक कलाओं को एक जिला, एक कला योजना से जोड़ने के लिए ठोस कार्ययोजना तैयार की जा रही है। प्रस्ताव शासन को भेजकर कलाकारों को मंच व प्रशिक्षण दिलाने का पूरा हरसंभव प्रयास किया जाएगा।

-प्रवीण वर्मा, जिलाधिकारी

यह भी पढ़ें- पशुपालकों की पहली पसंद बनी हरियाणा की पराली, शामली जनपद में भूसे से महंगे हो गए पराली के दाम

यह भी पढ़ें- गोरखपुर-शामली ग्रीन फील्ड लिंक एक्सप्रेसवे: बरेली के 68 गांवों की जमीन का सर्वे तेज, जल्द शुरू होगा अधिग्रहण

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।