विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पशुपालकों की पहली पसंद बनी हरियाणा की पराली, शामली जनपद में भूसे से महंगे हो गए पराली के दाम

By Abhishek Kaushik Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sun, 22 Nov 2026 05:50 PM (IST)

शामली के पशुपालकों के लिए हरियाणा की 1121 किस्म की पराली पहली पसंद बन गई है, क्योंकि यह पशुओं के स्वास्थ्य और दूध उत्पादन के लिए बेहतर मानी जाती है। स्थानीय पराली की कम गुणवत्ता और भूसे के साथ पराली के बढ़ते दामों से पशुपालकों को दोहरी मार पड़ रही है, जिससे उनका खर्च निकालना मुश्किल हो रहा है।

चौसाना में 1121 पराली संभालते पशुपालक। जागरण

चौसाना में 1121 पराली संभालते पशुपालक। जागरण

HighLights

  1. हरियाणा की 1121 पराली पशुपालकों की पहली पसंद।

  2. शामली में पराली, भूसे के दाम तेजी से बढ़े।

  3. बढ़ते खर्च, कम दूध दाम से पशुपालक परेशान।

संवाद सूत्र, चौसाना (शामली)। हरियाणा की पराली जनपद के पशुपालकों की पहली पसंद बनी है। पशुपालकों का मानना है कि हरियाणा में उगाए गए 1121 किस्म के धान की पराली खाने से पशुओं की सेहत अच्छी रहती है और दूध उत्पादन भी बेहतर होता है। वहीं, जिले में 1509 किस्म के धान की पराली को पशु कम पसंद कर रहे हैं। इसका असर अब पराली और भूसे की कीमतों पर भी दिखाई देने लगा है।

क्षेत्र के अधिकांश किसान एक साल में तीन फसलें लेते हैं, जबकि हरियाणा में मुख्य रूप से दो फसलें उगाई जाती हैं। पशुपालकों का कहना है कि अधिक फसल लेने के लिए खेतों में कीटनाशक दवाओं का छिड़काव भी ज्यादा होता है। इससे फसल और उसके अवशेष की गुणवत्ता प्रभावित होती है। हरियाणा में 1121 धान की खेती अधिक होने और कीटनाशकों का अपेक्षाकृत कम प्रयोग होने से वहां की पराली पशुओं के लिए बेहतर मानी जाती है। पिछले 20 दिनों में पराली और भूसे के दाम तेजी से बढ़े हैं। नवंबर की शुरुआत में पराली 600 रुपये प्रति कुंतल और भूसा 900 रुपये प्रति कुंतल था, जो अब बढ़कर 850 और 1400 रुपये प्रति कुंतल हो गया है।

स्थानीय पराली में वह गुणवत्ता नहीं मिलती
हरियाणा की 1121 धान की पराली पशु चाव से खाते हैं। इसे खिलाने के बाद पशुओं की सेहत अच्छी रहती है। स्थानीय पराली में वह गुणवत्ता नहीं मिलती। महंगी पराली खरीदने के बावजूद दूध के दाम घटने से पशुपालकों का खर्च निकालना मुश्किल हो रहा है।-हसन राणा

पशुओं के लिए अच्छा चारा जुटाना बड़ी चुनौती बन गया
पशुओं के लिए अच्छा चारा जुटाना बड़ी चुनौती बन गया है। हरियाणा की पराली महंगी होने के बावजूद खरीदनी पड़ती है, क्योंकि स्थानीय पराली पशु कम खाते हैं। भूसे के दाम भी लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे में पशुपालन का खर्च बढ़ता जा रहा है।-महरोज

पशुपालकों की आमदनी पर दोहरी मार पड़ रही है
पहले पराली और भूसा कम कीमत पर मिल जाता था, लेकिन इस बार कुछ ही दिनों में दाम काफी बढ़ गए हैं। पशुओं को पौष्टिक चारा देना जरूरी है। दूध के भाव भी घट गए हैं। ऐसे में पशुपालकों की आमदनी पर दोहरी मार पड़ रही है।-आमिर राणा

हरियाणा की पराली पशु आसानी से खाते हैं
पशुओं के दूध उत्पादन और स्वास्थ्य में चारे की अहम भूमिका है। हरियाणा की पराली पशु आसानी से खाते हैं। स्थानीय पराली को कई बार पशु छोड़ देते हैं। महंगा भूसा और पराली खरीदने के बाद भी दूध के कम दाम मिलने से परेशानी बढ़ गई है।-अमरेश

हरियाणा में ज्यादातर किसान 1121 किस्म का धान उगाते हैं
हरियाणा में ज्यादातर किसान 1121 किस्म का धान उगाते हैं, और साल में दो फसलें लेते हैं। वहां की मिट्टी की क्षमता भी अच्छी है, और कीटनाशकों का छिड़काव अपेक्षाकृत कम होता है। शामली में अधिकतर किसान 1509 किस्म का धान उगाते हैं, जिसकी पराली पशु कम पसंद करते हैं।-संजय कुमार, एडीओ कृषि ऊन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।