गोरखपुर-शामली ग्रीन फील्ड लिंक एक्सप्रेसवे: बरेली के 68 गांवों की जमीन का सर्वे तेज, जल्द शुरू होगा अधिग्रहण
गोरखपुर-शामली ग्रीन फील्ड लिंक एक्सप्रेसवे के लिए बरेली के 68 गांवों में भूमि चयन और सर्वे का काम तेजी से चल रहा है। कैबिनेट की मंजूरी के बाद जल्द ही भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया शुरू होगी, जिससे पश्चिमी और पूर्वी यूपी जुड़ेगा।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
बरेली के 68 गांवों में भूमि चयन प्रक्रिया जारी।
गोरखपुर-शामली एक्सप्रेसवे का सर्वे कार्य तेजी से।
कैबिनेट मंजूरी के बाद भूमि अधिग्रहण होगा शुरू।
जागरण संवाददाता, बरेली। गोरखपुर-शामली ग्रीन फील्ड लिंक एक्सप्रेसवे को धरातल पर उतारने के लिए भूमि चयनित की जा चुकी है। बरेली से लेकर लखीमपुर खीरी तक की जिम्मेदारी भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण, बरेली को मिली है। कैपिटल थ्री-ए घोषित कर प्रस्तावित क्षेत्रों में भूमि क्रय-विक्रय पर रोक लगाई जा चुकी है।
एनएचएआइ और राजस्व विभाग की टीम एक-एक गाटा का मिलान करा रही है, प्रक्रिया पूर्ण होते ही कैपिटल थ्री-डी घोषित कर दिया जाएगा। हालांकि कैबिनेट की मंजूरी के बाद ही भूमि अधिग्रहण आरंभ हो सकेगा।
सड़क मार्ग से पश्चिमी उत्तर प्रदेश को पूर्वी उत्तर प्रदेश को जोड़ने के लिए बन रहे गोरखपुर-शामली ग्रीन फील्ड लिंक एक्सप्रेसवे का विस्तार कुशीनगर से पानीपत तक किए जाने का प्रस्ताव पास हो चुका है। एनएचएआइ के अधिकारियों ने बरेली से लेकर लखीमपुर तक तीन बड़े पुल का निर्माण कराने के लिए चिह्नांकन किया जा चुका है, जिसकी सर्वे रिपोर्ट तकनीकी कमेटी को भेजी जा चुकी है।
एक्सप्रेसवे बरेली के 68 गांवों से होकर निकाला जा रहा है। इनमें से 51 गांवों में निर्माण एनएचएआइ, मुरादाबाद कराएगा, जबकि नवाबगंज तहसील क्षेत्र के 17 गांवों के अलावा पीलीभीत, शाहजहांपुर और लखीमपुर खीरी तक निर्माण की जिम्मेदारी एनएचएआइ बरेली को मिली है।
बहेड़ी और नवाबगंज तहसील क्षेत्रों के 34-34 गांवों की चयनित जमीन पर कैपिटल-ए घोषित कर जमीन के क्रय-विक्रय और भूमि परिवर्तन पर रोक लगाई जा चुकी है। राजस्व विभाग और एनएचएआइ के अधिकारी मार्ग में आ रहे एक-एक गाटा का सर्वे कर रिपोर्ट बना रहे हैं, प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद कैपिटल थ्री-डी घोषित किया जाएगा, इसके बाद चयनित भूमि में परिवर्तन नहीं हो सकेगा।
यह भी पढ़ें- बरेली में किसान की आत्महत्या: सुसाइड नोट में पूर्व कुलपति पर जमीन कब्जाने का आरोप, अंतिम संस्कार से इनकार
बताते हैं कि कैबिनेट की मंजूरी के बाद ही भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया आरंभ हो सकेगी। इस संबंध में एनएचएआइ के परियोजना निदेशक अभय भूषण का कहना है कि गोरखपुर-शामली ग्रीन फील्ड लिंक एक्सप्रेस-वे के प्रस्तावित मार्ग का संयुक्त सर्वे कराया जा रहा है। इसके बाद कैपिटल थ्री-डी घोषित कर चयनित भूमि का रकबा सार्वजनिक किया जाएगा। मुख्यालय के दिशा निर्देशों के अनुरूप आगे की कार्रवाई होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।