बरेली के 300 बेड अस्पताल में दवाओं की गुणवत्ता पर सवाल: चूरन बन रही बी-काम्प्लेक्स, खांसी का सिरप भी गायब
बरेली के 300 बेड अस्पताल में मरीजों को खराब गुणवत्ता वाली बी-काम्प्लेक्स टैबलेट दी जा रही हैं, जो चूरन बन जा रही हैं, साथ ही खांसी का सिरप भी उपलब्ध नहीं है। चिकित्सकों को दवाओं के स्टॉक की जानकारी न होने से मरीजों को बाहर से दवाएं खरीदनी पड़ रही हैं।

अस्पताल में दवा लेने के लाइन में खड़ी महिलाएं और बिखरी पड़ी बी-काम्प्लेक्स की टैबलेट
HighLights
दवा की गुणवत्ता पर सवाल, शिकायतों के बाद भी वितरण जारी
हिमांशु अग्निहोत्री, बरेली। जिले के 300 बेड अस्पताल में मरीजों को उपचार के बाद दवा उपलब्ध कराने में लापरवाही बरती जा रही है। अस्पताल में मरीजों को बी-काम्प्लेक्स की टैबलेट खराब अवस्था में दी जा रही हैं। दवा की स्ट्रिप से टैबलेट निकालते ही वह चूरन की तरह बिखर जा रही है।
कई दिनों से बनी इस समस्या के बावजूद मरीजों को यही दवा वितरित की जा रही है। इससे दवा की गुणवत्ता और अस्पताल की दवा वितरण व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं।
दैनिक जागरण की पड़ताल में सामने आया कि बी-काम्प्लेक्स की टैबलेट सामान्य रूप से इस्तेमाल करने योग्य नहीं है। स्ट्रिप से बाहर निकालते ही गोली पाउडर की तरह टूटकर बिखर जाती है। जबकि दवा को निर्धारित तरीके से सेवन करने के बाद शरीर में घुलना चाहिए।
ओपीडी में आए मरीजों का कहना है कि वे कई बार दवा काउंटर और संबंधित स्टाफ को इसकी जानकारी दे चुके हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। शिकायतों के बाद भी खराब अवस्था वाली टैबलेट का वितरण जारी रहने से मरीजों में नाराजगी है।
खांसी का सिरप भी नहीं मिल रहा
अस्पताल में दवाओं की उपलब्धता का संकट भी मरीजों की परेशानी बढ़ा रहा है। खांसी की शिकायत लेकर पहुंच रहे मरीजों को अस्पताल के दवा काउंटर से सिरप नहीं मिल पा रहा है।
उन्हें जनऔषधि केंद्र या बाहर की मेडिकल स्टोर से दवा खरीदने के लिए कहा जा रहा है। इससे सरकारी अस्पताल में उपचार कराने पहुंच रहे मरीजों को अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ रहा है।
चिकित्सकों को नहीं मिल रही स्टाक की जानकारी
दवा वितरण व्यवस्था में एक और गंभीर समस्या सामने आई है। एक जुलाई 2026 से ओपीडी के सभी चिकित्सकों को अस्पताल में उपलब्ध दवाओं के स्टाक की सूची नहीं दी गई है, मेज पर पुरानी सूची को देखकर ही चिकित्सक दवाएं लिख रहे हैं।
ऐसे में चिकित्सक मरीजों को उन दवाओं का भी परामर्श दे रहे हैं, जो अस्पताल के दवा काउंटर पर उपलब्ध नहीं हैं। पर्चे पर दवा लिखे जाने के बाद मरीज जब काउंटर पर पहुंचते हैं तो उन्हें दवा के अभाव में बाहर से खरीदने के लिए कहा जाता है। एक रुपये के पर्चे पर बेहतर उपचार की उम्मीद लेकर अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों को दवा के लिए अतिरिक्त पैसे खर्च करने पड़ रहे हैं।
300 बेड अस्पताल में खांसी की सिरप की उपलब्धता और बी-काम्प्लेक्स की गुणवत्ता के संबंध में जानकारी की जाएगी। मरीजों को बेहतर उपचार देने ही प्राथमिकता है।
- डाॅ. विश्राम सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी
बी-काम्प्लेक्स टैबलेट पाउडर की तरह निकलने के संबंध में सूचना मिली है। इसका सैंपल लेकर जांच कराई जाएगी।
- संदीप कुमार, सहायक आयुक्त, औषधि प्रशासन
दवा को उचित स्थान पर रखना जरूरी है। रोशनी, तापमान और नमी से दवा की क्षमता प्रभावित होती है। पाउडर अवस्था में निकल रही बी-काम्प्लेक्स टैबलेट की हार्डनेस टेस्ट में गुणवत्ता खराब हो सकती है। अधिक दिन तक इसी स्थिति में रहने पर इसकी क्षमता खो सकती है। पाउडर अवस्था में तेज दुर्गंध आती है, इसे सेवन करना पर मरीज को उल्टी भी हो सकती है।
- बीसी यादव, वरिष्ठ फार्मेसी अधिकारी (सेवानिवृत्त), जिला अस्पताल
यह भी पढ़ें- बरेली में बनेंगे 3 नए बस कॉरिडोर, हर 500 मीटर पर मिलेगा स्टॉप; एयरपोर्ट से जंक्शन तक दौड़ेंगी 370 बसें
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।