बरेली में बनेंगे 3 नए बस कॉरिडोर, हर 500 मीटर पर मिलेगा स्टॉप; एयरपोर्ट से जंक्शन तक दौड़ेंगी 370 बसें
बरेली में तीन नए बस कॉरिडोर बनाने की योजना है, जिसमें एयरपोर्ट से चौकी चौराहा, जंक्शन और परसाखेड़ा तक मार्ग शामिल हैं। एक सर्वे के अनुसार, 93% यात्री बेहतर बस सेवा मिलने पर सार्वजनिक परिवहन अपनाने को तैयार हैं।

एआई इमेज
HighLights
2041 तक 120 किमी का बस नेटवर्क और 370 बसों का बेड़ा विकसित करने की तैयारी
नीलेश प्रताप सिंह, बरेली। शहर में जाम और सार्वजनिक परिवहन के सीमित विकल्पों से परेशान आमजन को बेहतर बस सेवा मिले तो वे निजी या मौजूदा साधनों का विकल्प तलाशने के बजाय सार्वजनिक परिवहन अपनाने को तैयार हैं। व्यापक गतिशीलता योजना (सीएमपी) के सर्वे में शामिल 93 प्रतिशत यात्रियों ने बस सेवा उपलब्ध होने पर इसका उपयोग करने की इच्छा जताई है।
इसी मांग को देखते हुए शहर में तीन प्रमुख बस कारिडोर विकसित करने का प्रस्ताव तैयार करने पर काम आरंभ कर दिया गया है। इनमें बरेली एयरपोर्ट से चौकी चौराहा, एयरपोर्ट से बरेली जंक्शन और परसाखेड़ा से चौकी चौराहा तक के मार्ग शामिल हैं।
योजना के तहत वर्ष 2041 तक 120 किलोमीटर का साझा बस नेटवर्क विकसित करने और बसों की संख्या बढ़ाकर 370 करने का लक्ष्य रखा गया है।
हर आधा किलोमीटर पर बस स्टाप की योजना
सर्वे में बस सेवा को शहर के अधिक से अधिक इलाकों तक पहुंचाने के लिए प्रत्येक 500 मीटर पर बस स्टाप बनाने का प्रस्ताव है। योजना में चरणबद्ध तरीके से बस स्टाप विकसित करने की रूपरेखा दी गई है।
इसके पीछे उद्देश्य यह है कि यात्रियों को बस पकड़ने के लिए लंबी दूरी न तय करनी पड़े। बसों के साथ आटो, टेंपो और ई-रिक्शा जैसी मौजूदा सेवाओं को भी जोड़े जाने की बात कही गई है, ताकि बस से उतरने के बाद यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए परेशानी न उठानी पड़े।
सुरक्षा और आखिरी दूरी की चिंता भी
सर्वे में सात प्रतिशत यात्रियों ने सार्वजनिक परिवहन अपनाने को लेकर अनिच्छा जताई। इनमें 53 प्रतिशत ने सुरक्षा को लेकर आशंका बताई, जबकि करीब 42 प्रतिशत यात्रियों ने बस से उतरने के बाद अंतिम गंतव्य तक पहुंचने के साधन की कमी को प्रमुख समस्या माना। पांच प्रतिशत यात्रियों को लगा कि बस सेवा अपनाने से उनका खर्च बढ़ सकता है।
पुराना बस अड्डा बनेगा यातायात प्रबंधन केंद्र
योजना में पुराने बस अड्डा को यातायात एवं परिवहन प्रबंधन केंद्र के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव है। पीलीभीत रोड और बदायूं रोड पर शहर के बाहरी हिस्से में नए बस अड्डे बनाने की भी योजना है।
स्वालेनगर में बसों के लिए चार्जिंग स्टेशन सह टर्मिनल विकसित करने का प्रस्ताव शामिल है। इलेक्ट्रिक बसों के संचालन के लिए जरूरी आधारभूत सुविधाएं भी विकसित की जानी हैं।
शहर में बेहतर यातायात प्रबंधन के लिए आमजन को सार्वजनिक परिवहन का विकल्प उपलब्ध कराने पर काम किया जा रहा है। इसके लिए अन्य विभागों के साथ संयुक्त रूप से सर्वे कर कार्ययोजना बनाई जा रही है। परियोजना के धरातल पर उतरने से आमजन को राहत मिलेगी।
- संजीव कुमार मौर्य, नगर आयुक्त
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।