बरेली में ईवीएम मॉकपोल: 7 सेकंड तक वीवीपैट में दिखी पर्ची, बटन दबाकर लोगों ने परखी वोटिंग व्यवस्था, राजनीतिक दल रहे गायब
बरेली में ईवीएम और वीवीपैट का मॉक पोल आयोजित किया गया, जिसमें आम जनता ने मतदान प्रक्रिया को परखा और संतुष्टि व्यक्त की। लोगों ने ईवीएम को सुरक्षित और पारदर्शी बताया।

कलक्ट्रेट परिसर में ईवीएम माकड्रिल में बटन दबाने के बाद पर्ची देखते रामेश्वर दयाल। जागरण
HighLights
ईवीएम का बटन दबाइए, वोट चोरी का शक मिटाइए
जागरण संवाददाता, बरेली। कलक्ट्रेट परिसर ईवीएम का माकपोल हुआ। कल्पना ने ईवीएम का बटन दबाया फिर वीवीपैट में देखा तो उसमें उसी चिह्न पर निशान लगा हुआ था। बोलीं-सब ठीक तो आ रहा है। फालतू में लोग वोट चोरी का शोर मचा रहे हैं। रामेश्वर दयाल और रामऔतार ने भी ईवीएम का बटन दबाकर वोटिंग प्रक्रिया देखी संतुष्ट होकर लौटे।
उनका कहना था इसी तरह तो वोट डालते आ रहे हैं, कहीं कोई संशय नहीं दिख रहा है। माकपोल में सामान्य लोग ही नजर आए, राजनीतिक दलों के लोग कहीं दिखाई नहीं दिए।
मतदाताओं को ईवीएम से मतदान करने का प्रशिक्षण देकर जागरूक करने के लिए कलक्ट्रेट परिसर में मुख्य गेट के ठीक सामने माकपोल सुबह दस बजे आरंभ होना था, लेकिन व्यवस्था बनाने में दोपहर 12 बजे गए।

वहां पहुंचने वाले लोग निर्भीक होकर माकपोल में हिस्सा ले रहे थे। शाम पांच बजे तक यहां 64 लोगों ने माकपोल में प्रतिभाग कर जिज्ञासा शांत की। कुछ लोग यह भी कह रहे थे कि ईवीएम से वोट चोरी का आरोप लगाने की बात सरासर गलत दिखती है।
इसमें तो सब कुछ साफ दिखाई दे रहा है। मतदाता पर्ची सुरक्षित भी हो रही है। ईवीएम का बटन दबाने वाले कलक्ट्रेट में किसी काम से पहुंचे आम लोग, अधिवक्ता और कर्मचारी थे। राजनीतिक दल का कोई कार्यकर्ता दिखाई नहीं पड़ा।
मीरगंज तहसील सभागार में ईवीएम माकड्रिल में आसपास के लोगों ने नीला बटन दबाकर वीवीपैट में पर्ची का अवलोकन किया। सुबह से शाम तक 42 मतदाताओं ने ईवीएम से मतदान करके देखा।

उनका कहना था कि सब कुछ ठीक दिखाई पड़ा। बटन दबाने पर बीप की आवाज आ रही है, वीवीपैट में पर्ची भी दिख रही है। एसडीएम निधि शुक्ला और तहसीलदार रजत सिंह ने कहा कि ईवीएम मशीन से मतदान पूरी तरह से सुरक्षित है।
आमजन किसी भी कार्य दिवस में यदि कोई संदेह है तो मशीन चलाकर अपनी शंका दूर कर सकते हैं। रजिस्ट्रार कानूनगो राजवीर सिंह और बीआरसी प्रतिनिधि गिरजा शंकर मौर्य ने लोगों को ईवीएम की जानकारी दी।
वीवीपैट मशीन में सात सेकेंड निशान लगी चुनाव चिह्न की पर्ची
कलक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने ईवीएम माकड्रिल का मशीन का बटन दबाकर शुभारंभ किया। सेल्फी प्वाइंट पर फोटो भी खिंचवाया। बताया कि ईवीएम से मतदान आसान और सुरक्षित है।
मतदान अधिकारी पहले आपकी पहचान जांचेंगे। फिर कंट्रोल यूनिट से आपका वोट खोलेंगे। आपको बैलेट यूनिट पर अपने पसंदीदा प्रत्याशी के सामने वाला नीला बटन दबाना है। बटन दबाते ही बीप की आवाज आएगी और लाल बत्ती जलेगी।

साथ ही वीवीपैट मशीन में सात सेकंड तक आपके प्रत्याशी के नाम व चुनाव चिह्न की पर्ची दिखेगी, जिससे आप अपने वोट की पुष्टि कर सकेंगे। ईवीएम पूरी तरह से सुरक्षित और पारदर्शी है।
हर वोट का रिकार्ड वीवीपैट में रहता है। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व संतोष कुमार सिंह, अपर जिलाधिकारी प्रशासन पूर्णिमा सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक दिव्या ओझा आदि मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें- ATS और NIA अफसर बनकर ठगों ने 17 घंटे बनाया बंधक, बैंक पहुंचने से पहले ऐसे बचे बरेली के नामचीन हकीम साहब
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।