ATS और NIA अफसर बनकर ठगों ने 17 घंटे बनाया बंधक, बैंक पहुंचने से पहले ऐसे बचे बरेली के नामचीन हकीम साहब
साइबर ठगों ने ATS/NIA अधिकारी बनकर हकीम खुर्शीद मुराद सिद्दीकी को 17 घंटे तक डिजिटल अरेस्ट किया और उनसे 2.45 करोड़ रुपये ट्रांसफर कराने की कोशिश की। उनके मैनेजर अकरम की सूझबूझ से वह साइबर थाने पहुंचे।

डिजिटल अरेस्ट के दौरान साइबर थाना में जानकारी देते हकीम खुर्शीद। जागरण
HighLights
हुगली में उनके खाते से 2.45 करोड़ की रकम ट्रांसफर होने की जांच का बहाना
जागरण संवाददाता, बरेली। शहर के नामचीन हकीम खुर्शीद मुराद सिद्दीकी को साइबर ठगों ने 17 घंटों तक डिजिटल अरेस्ट कर लिया। वह आरटीजीएस से ठगों को रकम ट्रांसफर कराने के लिए बैंक भी जाने को तैयार हो गए, लेकिन उनके मैनेजर अकरम को शक हुआ तो वह उन्हें साइबर थाना लेकर पहुंच गए। पुलिस ने तुरंत उनकी काउंसिलिंग की और काल डिसकनेक्ट कराई। इससे उनके लाखों रुपये बच गए।
सिविल लाइंस निवासी हकीम खुर्शीद मुराद सिद्दीकी का सर्किट हाउस पर वेदान नाम से क्लिनिक है। हकीम खुर्शीद के पास गुरुवार रात आठ बजे एक महिला ने फोन पर काल की।
जब उन्होंने फोन उठाया तो महिला ने कहा कि वह एटीएस से बात कर रही है और वीडियो काल में उनके चीफ बात करेंगे। इसके बाद उन्हें वीडियो काल पर लेकर एनआइए अधिकारी बनकर बात की गई।
वीडियो काल करने वाले ने अपना नाम दीपक शर्मा बताया। उसने कहा कि दो आतंकवादी सुहैल और शमीम पकड़े गए हैं। उन्होंने उनका नाम लिया है और उनके नाम से हुगली में खाता खोला है। इस खाते से 2.45 करोड़ रुपये ट्रांसफर किए हैं। इसका वेरिफिकेशन करना है।
इसके बाद उनसे बैंक खाते और चेक बुक के बारे में पूछा गया तो उन्होंने चेक बुक न होने की बात कही। इसके बाद उनसे लगातार वीडियो काल पर अलग-अलग लोग अधिकारी बनकर बात करते रहे।
पीछे का बैक ग्राउंड भी किसी एजेंसी का दफ्तर जैसा लग रहा था। इस पर ठग ने उन्हें सुबह बैंक जाकर आरटीजीएस कराने के लिए कहा। वह सुबह क्लिनिक पर नहीं गए तो उनके मैनेजर अकरम उनके पास घर गए तो उन्होंने बैंक चलने की बात कही।
जब उन्होंने वजह पूछी तो वह नहीं बता रहे थे और फिर एसपी क्राइम के दफ्तर के बारे में पूछा। मैनेजर ने बताया कि इस पर उन्हें शक हुआ और वह उन्हें बैंक जाने के बहाने साइबर थाना लेकर आए।
साइबर ठग ने बैंक जाने के बाद वीडियो काल आफ कर नार्मल काल पर रखा। साइबर थाना में पहुंचने के बाद इंस्पेक्टर धनजंय पांडेय ने हकीम की पूरी बात सुनी और उन्हें समझाया कि साइबर ठग ने उन्हें डिजिटल अरेस्ट किया है।
इसके बाद उन्होंने अपने सामने साइबर ठग से बात करने को कहा। उनसे वीडियो काल कराई तो ठग ने कहा कि अभी वीडियो काल नहीं, तुरंत बैंक से पहले बाहर जाओ।
इसके बाद पुलिसकर्मियों ने साइबर ठग से बात की तो वह तुरंत समझ गया और काल काट दी। साइबर थाना प्रभारी धनंजय पांडेय ने उनके मैनेजर को साइबर जागरुकता से संबंधी सामग्री दी और क्लिनिक में लगाने के लिए कहा ताकि अन्य लोग ठगी से बच सकें।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।