विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बरेली कोर्ट का बड़ा फैसला: 8 साल बाद हत्या के आरोप से दो सगे भाई बरी, अब केस दर्ज कराने वाले भतीजे पर गिरेगी गाज

Published: Sat, 21 Nov 2026 01:15 PM (IST)

फरीदपुर में आठ साल पुराने हत्या के मामले में दो सगे भाई सुरेश और प्रवेश चश्मदीद गवाह न मिलने के कारण बरी हो गए। अब हत्या का मुकदमा दर्ज कराने वाले भतीजे जितेंद्र पर झूठा आरोप लगाने के लिए केस चलेगा।

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. ईंट और खपरैल से सिर में वार कर हत्या का लगा था आरोप

जागरण संवाददाता, बरेली। चश्मदीद गवाह न मिलने से फरीदपुर के नौगवां में युवक की हत्या के मुकदमे में आठ साल बाद दो भाई दोषमुक्त हो गए। अपर सेशन जज-दशम राघवेंद्र मणि ने सगे भाइयों सुरेश और प्रवेश को बरी कर दिया। वहीं अब हत्या का मुकदमा दर्ज कराने वाले भतीजे पर केस चलेगा।

15 मई 2018 की रात 22 वर्षीय धर्मेंद्र के सिर पर ईंट और खपरैल से वार कर उसकी हत्या का आरोप उसके दोनों सगे भाइयों पर लगा था। रिश्ते में भतीजा लगने वाले जितेंद्र ने तहरीर दी कि तीनों भाइयों के पिता छदम्मी लाल की करीब साल भर पहले हादसे में मौत हुई थी।

उसके क्लेम में मिले लगभग आठ लाख रुपये के बंटवारे को लेकर धर्मेंद्र की जान ले ली गई। पोस्टमार्टम में सिर और चेहरे पर पांच चोटें मिलीं और मौत की वजह कोमा व अत्यधिक रक्तस्राव बताई गई।

पर असल सवाल यह था कि वार किसने किया। अदालत में यहीं मामला कमजोर पड़ गया। अभियोजन ने आठ गवाह पेश किए, मगर कोई चश्मदीद नहीं निकला। वादी जितेंद्र ने खुद कहा कि उसने घटना नहीं देखी।

डर के कारण प्रार्थनापत्र लिखा और रुपयों को लेकर मृतक व आरोपितों के बीच किसी झगड़े की उसे जानकारी नहीं थी। लालाराम और नौबत सिंह अपने बयान से पलट गए और पक्षद्रोही घोषित हुए, जबकि वीरपाल ने भी किसी को वारदात करते नहीं देखा।

चूंकि मुकदमा पूरी तरह परिस्थितिजन्य साक्ष्यों पर टिका था, जिनके मुताबिक परिस्थितियों की कड़ी ऐसी पूरी होनी चाहिए कि उससे केवल आरोपितों के दोषी होने का निष्कर्ष निकले।

यहां न हत्या का मकसद साबित हुआ, न हथियार बरामद हुआ। किसी गवाह ने मृतक को मौत से पहले आरोपितों के साथ देखने की बात भी नहीं कही। अदालत ने माना कि अभियोजन संदेह से परे दोष सिद्ध करने में विफल रहा।

बचाव पक्ष के वरिष्ठ अधिवक्ता रामरूप राठौर ने बताया कि अदालत ने झूठा आरोप लगाने पर वादी जितेंद्र के खिलाफ प्रकीर्ण आपराधिक वाद दर्ज कर नोटिस जारी करने का आदेश दिया है।

यह भी पढ़ें- 28 साल बाद बदला बरेली आरटीओ का ठिकाना: एक ही छत के नीचे होंगे सभी काम, लाइसेंस टेस्ट से पहले मिलेगी यह खास ट्रेनिंग

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।