विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

28 साल बाद बदला बरेली आरटीओ का ठिकाना: एक ही छत के नीचे होंगे सभी काम, लाइसेंस टेस्ट से पहले मिलेगी यह खास ट्रेनिंग

Published: Fri, 20 Nov 2026 10:12 PM (IST)

बरेली परिवहन विभाग 28 साल बाद नकटिया से परसाखेड़ा स्थित अपने नए भवन में स्थानांतरित हो गया है, जिसका लोकार्पण परिवहन राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह ने किया। अब सभी विभागीय कार्य एक छत के नीचे होंगे, जिससे जनता और कर्मचारियों को सुविधा मिलेगी।

परसाखेड़ा में परिवहन विभाग का नवनिर्मित भवन। जागरण

परसाखेड़ा में परिवहन विभाग का नवनिर्मित भवन। जागरण

HighLights

  1. परिवहन राज्यमंत्री दयाशंकर सिंह ने किया नवनिर्मित भवन का लोकार्पण

  2. नकटिया में बैठने तक की नहीं थी जगह, नए भवन में कई कक्ष अतिरिक्त

जागरण संवाददाता, बरेली। संभागीय परिवहन विभाग 28 साल से शाहजहांपुर रोड स्थित नकटिया में किराये के भवन में चल रहा था। ड्राइविंग लाइसेंस बनवाने के लिए टेस्ट परसाखेड़ा में लिया जा रहा है। अब विभाग के सभी कार्यालय एक छत के नीचे आ जाएंगे। परसाखेड़ा में 16.72 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित विभाग के दो मंजिला भवन का शुक्रवार को परिवहन राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभारी दयाशंकर सिंह ने लोकार्पण किया।

राज्यमंत्री ने कहा कि विभाग किराये के भवन में चल रहा था, जिससे विभागीय कार्यों में परेशानी आ रही थी। अब नए भवन में कार्यालय संचालित होगा तो विभागीय अधिकारी-कर्मचारियों और वाहन स्वामियों को भी सहूलियत होगी।

यहीं पर ड्राइविंग लाइसेंस का ट्रेनिंग सेंटर भी है, वाहन से संबंधित सभी कार्य अब एक ही स्थान पर सभी कार्य हो सकेंगे। नकटिया में किराये के भवन में कार्यालय चल रहा था, जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों को बैठने की पर्याप्त जगह नहीं मिल पा रही थी।

यहां नए भवन में कई अतिरिक्त कक्ष बन गए हैं। नए भवन में लोगों की सुविधा के लिए पूछताछ काउंटर और अलग-अलग सेवाओं के लिए काउंटर बनाए गए हैं। हर काउंटर पर संबंधित काम की जानकारी दी जाएगी।

रिकार्ड सुरक्षित रखने के लिए भी आधुनिक व्यवस्था की गई है। भूतल पर आम लोगों से जुड़े कामकाज और कर्मचारियों के बैठने की व्यवस्था होगी, जबकि वरिष्ठ अधिकारियों के कार्यालय पहली मंजिल पर बनाए गए हैं। नए कार्यालय का निर्माण जनवरी 2025 में शुरू हुआ था।

चार महीना पहले निर्माण भी पूरा हो गया था, एमएलसी चुनाव के लिए आचार संहिता लगी होने के कारण लोकार्पण नहीं हो पा रहा था। आरटीओ प्रशासन पंकज कुमार सिंह ने बताया कि नए भवन के शुरू होने से विभागीय कामकाज को व्यवस्थित करने में मदद मिलेगी।

अभी तक परिवहन विभाग से जुड़े अलग-अलग कामों के लिए लोगों को विभिन्न कार्यालयों में जाना पड़ता था। नए परिसर में प्रमुख कार्यालय एक साथ होने से वाहन स्वामियों और लाइसेंस संबंधी काम कराने आने वाले लोगों को सुविधा मिलेगी। शिफ्टिंग का कार्य कल से शुरू करा दिया जाएगा।

ड्राइविंग टेस्ट से पहले मिलेगी व्यवहार की ट्रेनिंग

नए कार्यालय में ड्राइविंग टेस्ट से पहले वाहन चालकों को व्यवहार संबंधी प्रशिक्षण देने की भी तैयारी है। इसके लिए कंपनी से अनुबंध किया जाएगा। प्रशिक्षण में वाहन चालकों को गुस्से पर नियंत्रण रखने, यात्रियों से अच्छा व्यवहार करने और सफर के दौरान बातचीत के सही तरीके सिखाए जाएंगे। यह प्रशिक्षण निशुल्क देने की योजना है। इससे सड़क पर वाहन चलाने के साथ ही यात्रियों के प्रति बेहतर व्यवहार को भी बढ़ावा मिलेगा।

यह भी पढ़ें- बरेली-सीतापुर हाईवे पर यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी, अब रास्ते में मिलेंगी विश्राम और खानपान की हाईटेक सुविधाएं

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।