विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Aug 03, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Shamli News: STF ने छह लाख रुपये के नकली नोटों के साथ तस्कर को दबोचा, पाकिस्तान से भी जुड़ रहा कनेक्शन

By Jagran NewsEdited By: Abhishek Pandey
Published: Thu, 03 Aug 2023 11:34 AM (IST)

एसटीएफ ने छह लाख रुपये के नकली नोटों के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसका संबंध पाकिस्तान में ...और पढ़ें

STF ने छह लाख रुपये के नकली नोटों के साथ तस्कर को दबोचा, पाकिस्तान से भी जुड़ रहा कनेक्शन
STF ने छह लाख रुपये के नकली नोटों के साथ तस्कर को दबोचा, पाकिस्तान से भी जुड़ रहा कनेक्शन

जागरण संवाददाता, शामली : एसटीएफ ने छह लाख रुपये के नकली नोटों के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। उसका संबंध पाकिस्तान में बैठे इकबाल काना से जुड़ रहा है। गिरफ्तार आरोपित का भाई हथियार तस्करी के आरोप में पाकिस्तान की जेल में बंद है। एसटीएफ आरोपित से पूछताछ कर रही है।

एसटीएफ के अपर पुलिस अधीक्षक ब्रजेश कुमार सिंह ने बताया कि काफी समय से क्षेत्र में नकली नोटों की तस्करी की सूचना मिल रही थी। एक टीम को जांच के लिए लगाया गया था। बुधवार शाम टीम ने कोतवाली क्षेत्र के नौ कुंआ बर्फ वाली गली निवासी इमरान को उसके घर से गिरफ्तार किया।

2008 में शामली पुलिस ने किया था गिरफ्तार

टीम ने उसके घर में से छह लाख रुपये के 50 और सौ के नकली नोट बरामद किए। आरोपित उनकी सप्लाई करने वाला था। 2008 में भी शामली पुलिस ने उसे नकली नोटों की तस्करी के मामले में गिरफ्तार किया था।

शुरुआती जांच में पता चला कि आरोपित मेलों में नोटों को चलाता था। कुछ दिनों पहले ही शामली में लगे मेले और मेरठ के नौचंदी मेले में नकली नोट चलाने की बात सामने आ रही है। टीम सभी बिंदुओं पर जांच कर रही है।

इकबाल काना गिरोह में था पिता

पकड़े गए आरोपित का पूरा परिवार ही तस्करी से जुड़ा है। पाकिस्तान में बैठा इकबाल काना नकली नोट और हथियारों की तस्करी के मामले में बड़ा नाम है। इमरान का पिता स्व. महबूब, इकबाल काना के लिए ही काम करता था। ऐसा माना जा रहा है कि इमरान के संबंध भी इकबाल से हो सकते हैं। टीम उसके मोबाइल की जांच कर रही है। उसने कुछ लोगों के बारे में भी बताया है।

चचेरा भाई पाकिस्तान की जेल में

अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपित के चचेरे भाई भी तस्करी से जुड़े हैं। एक चचेरा भाई कलीम पाकिस्तान की जेल में बंद है, जो हथियार तस्करी के मामले में पिछले साल ही पाकिस्तान में पकड़ा गया था। दूसरा चचेरा भाई तहसीम पंजाब से वांछित है, जो हथियारों की तस्करी करता है। एसटीएफ पूरे परिवार के बारे में जानकारी जुटा रही है।