कैराना में तेज आवाज में लाउडस्पीकर पर अजान देने के मामले में मौलवी के खिलाफ मुकदमा, शामली पुलिस ने की कार्रवाई
शामली पुलिस ने निर्धारित ध्वनि सीमा से अधिक तेज आवाज में लाउडस्पीकर पर अजान देने के आरोप में एक मौलवी ...और पढ़ें

HighLights
तय मानकों से अधिक आवाज में बज रहे लाउडस्पीकर, पुलिस ने दर्ज किया मामला।
मौके से दो लाउडस्पीकर, एंपलीफायर व माइक बरामद, फरार मौलवी की तलाश जारी।
संवाद सूत्र, कैराना (शामली)। निर्धारित मानकों का उल्लंघन कर तेज आवाज में लाउडस्पीकर बजाने वालों पर पुलिस ने शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। कैराना क्षेत्र में तय ध्वनि सीमा से अधिक आवाज में लाउडस्पीकर पर अजान देने के आरोप में पुलिस ने एक मौलवी के खिलाफ नामजद मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने मौके से दो लाउडस्पीकर सहित अन्य ध्वनि उपकरण जब्त किए हैं।
उपनिरीक्षक राजकुमार बघेल ने बताया कि वे सोमवार शाम करीब सात बजे पुलिस टीम के साथ भूरा बाईपास फ्लाईओवर के नीचे गश्त पर थे। इसी दौरान पास स्थित मस्जिद मोहम्मदी से लाउडस्पीकर की काफी तेज आवाज सुनाई दी। जब पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची, तो देखा कि एक व्यक्ति लाउडस्पीकर के माध्यम से अजान दे रहा था। पुलिस को देखते ही वह व्यक्ति मौके से फरार हो गया।
पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए मस्जिद से दो लाउडस्पीकर, एक एंपलीफायर और एक माइक कब्जे में लिया। आसपास मौजूद लोगों से पूछताछ करने पर फरार व्यक्ति की पहचान सपा कालोनी निवासी मौलवी सलमान के रूप में हुई। पुलिस ने आरोपित मौलवी सलमान के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।
पुलिस आरोपित की तलाश कर रही है। एसपी के निर्देश पर जिलेभर में अभियान चलाया गया है। जिससे आमजन को किसी तरह की कोई परेशानी शोरगुल के कारण न हो। सभी को नियमों का पालन और तय मानक में लाउडस्पीकर बजाने के निर्देश दिए गए।
