बहन पर अश्लील कमेंट का विरोध किया तो युवक की पत्नी के नाम से बनाई फर्जी इंस्टाग्राम ID, हत्या की दी धमकी
Shamli News: शामली में एक युवक को उसकी पत्नी के नाम से बनाई गई फर्जी इंस्टाग्राम आईडी के जरिए हत्या ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
सहारनपुर के देवबंद निवासी आरोपित ने रंजिशन की यह हरकत।
शामली में साइबर क्राइम थाना पुलिस ने शुरू की आरोपित की तलाश।
जागरण संवाददाता, शामली। एक युवक की पत्नी के नाम से फर्जी इंस्टाग्राम आइडी बनाकर उसको हत्या की धमकी दी गई। पीड़ित ने जब जांच कराई तो पता चला कि युवक की बहन पर अश्लील कमेंट करने वाले युवक ने यह फर्जी आईडी बनाई है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपित युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। उसकी तलाश की जा रही है।
झिंझाना थाना क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने साइबर क्राइम थाना पुलिस को दी तहरीर में बताया कि सहारनपुर के देवबंद निवासी कासिफ उससे और उसके परिवार से रंजिश रखता है। आरोप है कि कासिफ पूर्व में पीड़ित की शादीशुदा बहन को फोन कर परेशान करता था, और उस पर अश्लील टिप्पणियां करता था। इस मामले में पूर्व में पुलिस में शिकायत दर्ज कराई गई थी, जिसके बाद आरोपित ने अपनी गलती मान ली थी और फैसला हो गया था।
पीड़ित का आरोप है कि कासिफ अब उसी पुरानी रंजिश के चलते बदला लेने की फिराक में है। उसने इंस्टाग्राम पर पीड़ित की पत्नी के नाम से एक फर्जी प्रोफाइल बनाई और पीड़ित को हत्या की धमकी दी। जब पीड़ित ने अपनी पत्नी से बात की तो पता चला कि आईडी फर्जी बनाई गई है।
इसके बाद जांच करने पर पता चला कि यह फर्जी आईडी कासिफ द्वारा ही चलाई जा रही है। पीड़ित ने बताया कि आरोपित उसके और उसके दो भाइयों को हत्या की धमकी देता है, और उसकी बहन के नाम से भी सोशल मीडिया पर टिप्पणियां व फर्जी आईडी बनाकर उत्पीड़न कर रहा है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने कासिफ के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
