शामली वालों के लिए अच्छी खबर, नौ प्रमुख संपर्क मार्गों के निर्माण को मंजूरी; इससे सुधरेगी ग्रामीण क्षेत्र की कनेक्टिविटी
Shamli News: प्रदेश सरकार ने शामली सदर विधानसभा क्षेत्र में 8 करोड़ रुपये की लागत से 13.94 किलोमीटर लंबे नौ संपर्क मार्गों के निर्माण को मंजूरी दी है।

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
शामली क्षेत्र के ग्रामीणों को धूल, कीचड़, गड्ढों से मिलेगी मुक्ति।
विधायक का दावा, पारदर्शिता व गुणवत्ता के साथ होगा कार्य।
जागरण संवाददाता, शामली। प्रदेश सरकार ने शामली सदर विधानसभा क्षेत्र के विकास को गति देते हुए करीब आठ करोड़ रुपये की लागत से 13.94 किलोमीटर लंबे नौ प्रमुख संपर्क मार्गों के नवनिर्माण को मंजूरी दे दी है।
इन परियोजनाओं के धरातल पर उतरने से हजारों ग्रामीणों का आवागमन सुगम होगा और क्षेत्र के आर्थिक विकास को नई गति मिलेगी।
नौ सड़कों के निर्माण के लिए बजट की पहली किस्त जारी
जिले की विधानसभा शामली की नौ सड़कों के निर्माण के लिए बजट की पहली किस्त जारी कर दी गई है। स्वीकृत प्रमुख मार्गों में शामली-कैराना मार्ग पर सिल्वर बेल्स पब्लिक स्कूल के सामने से दिल्ली-सहारनपुर रोड तक नाले की पटरी 1.10 किमी पर 1.20 करोड़ रुपये, ग्राम सुन्ना में तालाब से कृष्णा नदी तक 1.35 किमी को 89.96 लाख रुपये और कस्बा बनत में एसडीएम आवास से ग्राम सिक्का मार्ग 1.30 किमी पर 114.42 लाख रुपये खर्च होंगे।
इसके अलावा, लिसाढ़ में सुरेश प्रधान के खेत से आइटीआइ तक 2.90 किमी के लिए 200.92 लाख रुपये, कश्यप चौपाल के पास सरनावली मार्ग 1.35 किमी के लिए 95.32 लाख रुपये, मखमूलपुर में राजवाहे से भभीसा मार्ग 1.62 किमी के लिए 108.95 लाख रुपये, भारसी में राजवाहे से कनियान मार्ग 1.32 किमी के लिए 98.64 लाख रुपये तथा गांव गोहरपुर से कुड़ाना मुख्य लिंक मार्ग दो किमी के नवनिर्माण के लिए 127.14 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं।
यह भी पढ़ें- अंकित बालियान हत्याकांड: CCTV फुटेज में दो बाइकों पर दिखे 4 संदिग्ध... बड़ा सवाल- शूटरों ने किसे भेजा कत्ल का वीडियो?
विधायक प्रसन्न चौधरी ने बताया कि इन सड़कों के बनने से नागरिकों को धूल, कीचड़ और गड्ढों की समस्या से स्थायी मुक्ति मिलेगी। साथ ही, व्यापार, परिवहन और कृषि उत्पादों के आवागमन में सुगमता आएगी। उन्होंने विश्वास दिलाया कि सभी कार्य उच्च गुणवत्ता के साथ समयबद्ध तरीके से पूरे किए जाएंगे।
