रिफाइंड तेल और पाउडर से बन रहा नकली मावा, दीपावली से पहले बाजारों में धड़ल्ले से सप्लाई; शामली में धंधा जोरों पर
दीपावली से पहले शामली में रिफाइंड तेल और पाउडर से नकली मावे का कारोबार तेजी से बढ़ रहा है।

नकली मावा बनाने के लिए रखा रिफाइन तेल और पाउडर और उससे तैयार मावा (बाएं)। जागरण
HighLights
रिफाइंड तेल और पाउडर से नकली मावा बनाने का कारोबार।
दीपावली के करीब आते ही नकली मावे का धंधा तेज।
खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई पर स्थानीय लोग उठा रहे सवाल।
जागरण संवाददाता, शामली। दीपावली नजदीक आते ही नकली मावे का कारोबार तेजी से बढ़ने लगा है। चौसाना, पठानपुरा और गढ़ी हसनपुर में दिन-रात मावे की भट्ठियां धधक रही हैं। रिफाइंड तेल और पाउडर से तैयार मावा आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई किया जा रहा है। वहीं, रंग-बिरंगी मिठाइयों के साथ बनावटी रसगुल्लों का कारोबार भी खूब फल-फूल रहा है। खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई को लेकर स्थानीय लोगों में सवाल उठ रहे हैं।
चौसाना क्षेत्र में हर रोज करीब 30 से 35 कुंतल मावा तैयार कर आसपास के बाजारों में सप्लाई किए जाने की चर्चा है। पठानपुरा के एक मावा विक्रेता ने बताया कि रिफाइंड तेल और पाउडर से मावा तब तैयार किया जाता है, जब मांग अधिक होती है। त्योहार पर अधिकारियों से साठगांठ हो जाती है।
पानीपत से सप्लाई का दावा
चौसाना में कुछ दुकानदारों को हरियाणा के पानीपत से गाड़ी के माध्यम से बनावटी रसगुल्ले और मिठाइयां रोजाना सप्लाई होने की बात भी सामने आई है। स्थानीय निवासियों अजय, बाबू, सुधीर, सलमान आदि का कहना है कि दीपावली पर विभागीय अधिकारी छापेमारी के लिए आते हैं, लेकिन इक्का-दुक्का नमूने लेकर औपचारिकता पूरी कर लौट जाते हैं। नमूनों की जांच और कार्रवाई का परिणाम भी सामने नहीं आता।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी शामली पंकज कुमार ने बताया कि दो दिन पहले चौसाना क्षेत्र में छापेमारी के लिए गए थे, लेकिन वहां कुछ नहीं मिला। किसी भी अधिकारी-कर्मचारी द्वारा रुपये लेने का आरोप गलत है। वह फिलहाल मुजफ्फरनगर में हैं, लौटते ही क्षेत्र में छापेमारी की जाएगी।
ऐसे तैयार होता है बनावटी मावा
रिफाइंड तेल और पाउडर का इस्तेमाल कर नकली मावा तैयार किया जाता है। इसमें दूध के वास्तविक घटकों के स्थान पर सस्ते पदार्थ मिलाकर मावे जैसा रूप दिया जाता है। तेल, पाउडर और अन्य सामग्री को मिलाकर तैयार मिश्रण को गर्म किया जाता है। इससे लागत कम होती है और अधिक मात्रा में मावा तैयार कर बाजार में बेचा जाता है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।