शामली में ज्वेलरी चोरी: छोटी दुकान समझकर घुसे चोर, तिजोरी तोड़ने में छूटा पसीना, करोड़ों का माल बरामद
शामली में उमा ज्वैलर्स से हुई बड़ी चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है, जिसमें दो किशोरों को गिरफ्तार कर साढ़े 37 किलो चांदी बरामद की गई है।

पुलिस लाइन में प्रेस वार्ता के दौरान व्यापारी का सामान चोरी बरामद सामान। जागरण
HighLights
शामली में उमा ज्वैलर्स से हुई बड़ी चोरी का खुलासा।
दो किशोर गिरफ्तार, साढ़े 37 किलो चांदी बरामद की गई।
चोरों ने तिजोरी का ताला तोड़ने में तीन घंटे लगाए।
जागरण संवाददाता, शामली। छोटी दुकान समझकर चोरी करने पहुंचे 15 और 16 साल के दो किशोरों को नहीं पता था कि तिजोरी खोलने में ही तीन घंटे लग जाएंगे और अंदर से निकलने वाला माल उनकी सोच से कहीं ज्यादा होगा। रात 11 बजे से शुरू हुई चोरी सुबह चार बजे तक चलती रही। पुलिस पूछताछ में किशोरों ने बताया कि तिजोरी के अंदर कोई ताला नहीं लगा था, लेकिन बाहर का ताला तोड़ने में करीब तीन घंटे लग गए।
दोनों लगातार ताले पर चोट करते रहे। ताला टूटा तो जेवरात निकालने शुरू किए, लेकिन तिजोरी से माल निकलना खत्म ही नहीं हो रहा था। उन्हें लगा था कि छोटी दुकान है, थोड़ा-बहुत सामान मिलेगा, जिसे छोटे बैग या जेब में रखकर आसानी से ले जाएंगे। मगर, जब उम्मीद से कहीं ज्यादा जेवरात मिले तो चारों आरोपितों ने माल गड्ढा खोदकर वहीं दबा दिया।
रात 11 बजे से सुबह चार बजे तक चोरी
पुलिस पूछताछ में चोरों ने बताया कि वह दुकान के नीचे-नीचे के रास्ते से सर्राफा व्यापारी की दुकान तक पहुंचे। वहां पेड़ खड़ा था। दोनों किशोर पेड़ के सहारे दुकान में की छत पर पहुंचे, जबकि उनके साथी नाले की ओर खड़े थे। दुकान में तिजोरी का मुख्य ताला तोड़ने में आरोपितों को तीन घंटे तक मशक्कत करनी पड़ी।
इसके बाद तिजोरी खुली तो उसमें अंदर का लॉक नहीं लगा था। चोरों ने रात 11 बजे से सुबह चार बजे तक चोरी की। माल अधिक होने के कारण वह माल नहीं ले जा सके। आरोपितों ने पूर्व मेंं बनत में भी चोरी की घटना को अंजाम दिया था वहां भी इसी तरह दुकान की छत तोड़कर अंदर प्रवेश किया और चोरी की गई थी।
साढ़े 37 किलो चांदी के जेवरात बरामद
एसपी एनपी सिंह ने बताया कि दीपक वर्मा की उमा ज्वैलर्स की दुकान में 13 अक्टूबर की रात जेवरात चोरी हुए थे। दीपक वर्मा ने 45 किलो चांदी और आधा किलो सोने के जेवरात चोरी होने की बात कही थी। रविवार रात कोतवाली पुलिस ने सती वाला मंदिर के पास से दो 15 वर्षीय और 16 वर्षीय किशोर निवासी बनत को हिरासत में लिया। उनके कब्जे से साढ़े 37 किलो चांदी के जेवरात बरामद किए गए।
एसपी एनपी सिंह ने बताया कि इस प्रकरण में साकिब समेत दो आरोपित फरार हैं, जिनकी तलाश जारी है। उन आरोपितों ने किशोरों के साथ दुकान की रेकी की थी। पुलिस पूछताछ में किशोरों ने बताया कि दोनों नाले के रास्ते दुकान के पीछे पहुंचे और पेड़ के सहारे छत पर चढ़ गए। इसके बाद लोहे के सब्बल से छत तोड़कर दुकान के अंदर दाखिल हुए और जेवरात चोरी किए। उन्हें अंदाजा नहीं था कि दुकान से इतना माल मिल जाएगा।
आरोपितों ने जेवरात अधिक होने के कारण नाले के पास मिट्टी में दबा दिए और वहां से चले गए। चोरी करने के पीछे उनका मकसद फोन, कपड़े खरीदने और अपने निजी शौक पूरे करने के लिए रुपये जुटाना था। पुलिस फरार आरोपितों की तलाश कर रही है। एसपी ने राजफाश करने वाली टीम को 50 हजार रुपये का इनाम देने की घोषणा की।
