विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शामली में पूर्व एएनएम से 13 लाख की ठगी: एक महीने तक डिजिटल अरेस्ट रखा, आरबीआई अधिकारी बनकर फंसाया

Published: Sun, 29 Nov 2026 12:43 PM (GMT+05:30)

शामली में एक पूर्व एएनएम को साइबर ठगों ने दिल्ली पुलिस और आरबीआई अधिकारी बनकर 13 लाख रुपये ठग लिए। 

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. पूर्व एएनएम से 13 लाख रुपये की ठगी हुई।

  2. ठगों ने दिल्ली पुलिस, आरबीआई अधिकारी बनकर डराया।

  3. मनी लॉन्ड्रिंग का डर दिखाकर डिजिटल अरेस्ट किया।

जागरण संवाददाता, शामली। साइबर ठगों ने पूर्व एएनएम को करीब एक महीने तक डिजिटल अरेस्ट रखकर 13 लाख रुपये ठग लिए। ठगों ने दिल्ली पुलिस और आरबीआइ का अधिकारी बनकर महिला को मनी लांड्रिंग के मामले में फंसने का भय दिखाया था। 10 नवंबर से 25 नवंबर के बीच महिला ने करीब 13 लाख रुपये ठगों के बताए बैंक खातों में ट्रांसफर कर दिए। इसमें आरडी और म्यूचुअल फंड से निकॉल गई रकम भी शामिल है।

यह है पूरा मामला

कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला दयानंद नगर निवासी संध्या शर्मा एएनएम थीं। उनके पति ललित शर्मा का देहांत हो चुका है, जबकि उनका बेटा हरिद्वार पतंजलि से फार्मासिस्ट की पढ़ाई कर रहा है। दो बेटियों की शादी हो चुकी है। वह घर में अकेली रहती हैं।

31 अक्टूबर को उनके वॉट्सएप पर एक कॉल आई थी। कॉलर ने खुद को दिल्ली पुलिस का अधिकारी बताया और महिला को मनी लांड्रिंग से जुड़ी 17 शिकायत में फंसने की बात कही। इसके बाद ठगों ने गिरफ्तारी वारंट जारी होने का दावा करते हुए उसको लगातार भयभीत किया।

उसे बताया गया कि मनी लांड्रिंग के मामले में कार्रवाई होने पर उसका घर नीलाम हो सकता है। बच्चों को जेल भेजने और उनका भविष्य खराब होने की धमकी भी दी गई। भयवश महिला ठगों के जाल में फंसती चली गई और किसी से संपर्क करने के बजाय उनके निर्देशों का पालन करती रही।

ठगों ने लगातार निगरानी में रखने और किसी से बात न करने के लिए दबाव बनाया। महिला ने खुद को कमरे में बंद कर लिया। घर में पहली मंजिल पर किराएदार रहते थे, लेकिन उन्हें भी इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी नहीं हो सकी। 10 नवंबर से 25 नवंबर की सुबह 9:40 बजे तक महिला ठगों के संपर्क में रही।

इस दौरान उसने अलग-अलग बैंक खातों में करीब 13 लाख रुपये ट्रांसफर कर दिए। रकम जुटाने के लिए आरडी और म्यूचुअल फंड तक से करीब 11 लाख रुपये निकॉलकर ठगों के बताए खातों में भेजे। ठगी का अहसास होने के बाद महिला मानसिक तनाव में है।

पीड़िता की तहरीर पर साइबर क्राइम थाना पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस की अभी तक की जांच में सामने आया कि महिला के बैंक खाते से ट्रांसफर हुई धनराशि महाराष्ट्र और उड़ीसा के बैंक खातों में ट्रांसफर कराई गई थी।

यह भी पढ़ें- बेमौसम बारिश और ओलों से अब नहीं टूटेंगे किसानों के अरमान, शामली में रबी फसल बीमा पंजीकरण शुरू

यह भी पढ़ें- सोने-चांदी के दामों में गिरावट से शामली के बाजार में लौटी रौनक, शादी के सीजन में बढ़ी खरीदारी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।