बेमौसम बारिश और ओलों से अब नहीं टूटेंगे किसानों के अरमान, शामली में रबी फसल बीमा पंजीकरण शुरू
शामली के किसान अब बेमौसम बारिश और ओलावृष्टि से अपनी रबी फसलों को बचा सकेंगे। प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत 1 से 31 दिसंबर तक गेहूं और सरसों का बीमा कराकर नुकसान की भरपाई कर सकते हैं।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है।
HighLights
पंजीकरण 1 से 31 दिसंबर तक, गेहूं और सरसों के लिए।
ऋणी किसान 24 दिसंबर तक बाहर रहने का आवेदन दें।
प्राकृतिक आपदा से नुकसान पर 72 घंटे में सूचना अनिवार्य।
जागरण संवाददाता, शामली। बेमौसम वर्षा, ओलावृष्टि और आंधी-तूफान से होने वाले नुकसान से किसानों को बचाने के लिए रबी सीजन 2026-27 में प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत पंजीकरण शुरू हो रहा है। जिले के किसान एक दिसंबर से 31 दिसंबर तक गेहूं और लाही-सरसों की फसल का बीमा करा सकेंगे। इसके लिए बैंक शाखाओं के साथ जनसेवा केंद्रों पर सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
उप कृषि निदेशक प्रमोद कुमार ने बताया कि रबी सीजन में जिले के लिए गेहूं और लाही-सरसों को अधिसूचित किया गया है। योजना के तहत गेहूं की फसल के लिए बीमित राशि 98,100 रुपये प्रति हेक्टेयर तय की गई है।
इसके लिए किसानों को महज 1.5 प्रतिशत यानी 1,471.50 रुपये प्रति हेक्टेयर प्रीमियम जमा करना होगा। इसी तरह लाही-सरसों की बीमित राशि 92,300 रुपये प्रति हेक्टेयर रखी गई है, जिस पर किसानों को 1,384.50 रुपये प्रति हेक्टेयर प्रीमियम देना होगा।
फसल बीमा कराने के लिए किसान अपनी नजदीकी बैंक शाखा या जनसेवा केंद्र (सीएससी) पर जाकर 31 दिसंबर तक आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा गैर-ऋणी किसान अधिकृत बीमा एजेंट, भारत सरकार के पोर्टल या क्राप इंश्योरेंस एप के जरिए घर बैठे भी अपना बीमा कर सकते हैं।
वहीं, जिन ऋणी किसानों ने बैंक से केसीसी (किसान क्रेडिट कार्ड) या फसल ऋण ले रखा है, और वे इस योजना से बाहर रहना चाहते हैं, उन्हें अंतिम तिथि से सात दिन पहले यानी 24 दिसंबर तक अपनी बैंक शाखा में लिखित प्रार्थना पत्र देना अनिवार्य होगा। ऐसा न करने पर बैंक स्तर से प्रीमियम की राशि काट ली जाएगी।
बताया कि योजना के तहत प्राकृतिक आपदा जैसे ओलावृष्टि, बेमौसम वर्षा, जलभराव, आंधी-तूफान के अलावा फसल कटाई के बाद अगले 14 दिनों तक खेत में सुखाने के लिए रखी गई फसल के नष्ट होने पर भी आर्थिक मुआवजा मिलेगा। हालांकि, किसी भी प्रकार का नुकसान होने पर किसान को 72 घंटे के भीतर सूचना देना अनिवार्य है।
मदद के लिए हेल्पलाइन और तहसीलवार नंबर जारी
कृषि विभाग और नामित एग्रीकल्चर इंश्योरेंस कंपनी आफ इंडिया लिमिटेड (एआइसी) ने किसानों की सुविधा के लिए टोल फ्री नंबर 14447 जारी किया है। इसके अलावा जिला समन्वयक रामगुलाम मोबाइल 8400163951, तहसील शामली में राम मनोरथ 7408494194, तहसील कैराना में मोहित 9193388411 और तहसील ऊन में देशराज 9873087500 के मोबाइल नंबर पर संपर्क कर किसान योजना से जुड़ी किसी भी समस्या का समाधान पा सकते हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।