Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    शामली में हुए 2013 के सांप्रदायिक दंगे का मुकदमा वापस

    By JagranEdited By:
    Updated: Thu, 07 May 2020 06:06 AM (IST)

    शामली जेएनएन वर्ष 2013 में हुए सांप्रदायिक दंगे के समय दर्ज किए मुकदमों को प्रदेश की भाजपा सरकार ने वापस ले लिया है। इसमें बाल्मीकि समाज के 13 लोगों पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था।

    शामली में हुए 2013 के सांप्रदायिक दंगे का मुकदमा वापस

    शामली, जेएनएन : वर्ष 2013 में हुए सांप्रदायिक दंगे के समय दर्ज किए मुकदमों को प्रदेश की भाजपा सरकार ने वापस ले लिया है। इसमें बाल्मीकि समाज के 13 लोगों पर गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। शामली विधायक तेजेन्द्र निर्वाल ने बताया कि यह मामला राजनैतिक दुर्भावना के तहत दर्ज किया गया था। कानून मंत्री ब्रिजेश पाठक ने जिला प्रशासन की रिपोर्ट पर यह मामला वापस ले लिया। फोन पर प्रदेश के कानून मंत्री ने विधायक को मुकदमा वापस लेने की सूचना दी।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    सात साल पहले सपा शासनकाल में शामली में सांप्रदायिक दंगा हुआ था। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की थी। भाजपा नेता घनश्याम पार्चा पर रासुका भी लगाई गई थी। इस मामले में 11 माह तक उन्हें जेल में रहना पड़ा था। प्रदेश में भाजपा के सत्तारूढ़ होते ही विधायक तेजेन्द्र निर्वाल व भाजपा नेताओं ने इस मामले को मुख्यमंत्री तक पहुंचाया। इस मामले में मदद का आश्वासन सीएम योगी आदित्यनाथ ने दिया था। सात साल बाद प्रदेश सरकार ने यह मामला वापस लेने की घोषणा की। इसकी सूचना मिलत ही वाल्मीकि समाज के लोगों ने खुशी मनाई।

    ----------------

    यह था मामला

    शामली नगर में एक बाहरी युवती के साथ दुष्कर्म हुआ था। इसका विरोध जताते हुए भाजपा नेता व काफी लोग सड़क पर उतर आए थे। इस दौरान जमकर टकराव हुआ था। इस मामले में रिपोर्ट दर्ज करने पर आरोप लगा था कि राजनीतिक दबाव में पीड़ितों के खिलाफ ही रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। इसमें भाजपा नेता घनश्याम पार्चा, राधेश्याम पार्चा, श्रवण, मुकेश, अनिल, विनोद, अशोक, विकास, नरेंद्र, विश्वास, लवी, अरुण व महेंद्र को नामजद किया गया था। इस मुकदमे को झूठा और राजनैतिक दबाव के चलते दर्ज कराए जाने का आरोप लगाते हुए वापस लेने की मांग की जा रही थी। भाजपा शासन में अब यह मुकदमा वापस हुआ है।

    विश्वास-मुकेश की हो चुकी मौत

    योगी सरकार ने सांप्रदायिक दंगों के नामजद जिन 13 लोगों से मुकदमा वापस लिया है, उनमें दो की मौत हो चुकी है। विश्वास पुत्र गोधू की मौत गिरफ्तारी के कुछ माह बाद जेल में हो गई थी। मुकेश पुत्र घसीटा की मृत्यु बीमारी के कारण करीब डेढ़ माह पहले घर हुई थी। अन्य आरोपित फिलहाल जमानत पर हैं।

    असत्य पर सत्य की जीत

    भाजपा नेता घनश्याम पार्चा का कहना है कि एक युवती के साथ दुष्कर्म का विरोध किया था। दूसरे समुदाय के लोगों ने उनके समाज के लोगों पर हमला किया था। उन सभी ने बचाव किया तो दबाव के चलते पुलिस ने सभी पीड़ितों पर ही मुकदमा दर्ज कर दिया था। उन्हें गोरखपुर, मुजफ्फरनगर सहित कई जेलों में रखा गया था। इस मुकदमे को वापस कराने के लिए वह और अन्य भाजपा नेता प्रयासरत थे। भाजपा सरकार ने यह मुकदमा वापस ले लिया है। यह असत्य पर सत्य की जीत है।

    यह बोले विधायक

    सपा शासन में दर्ज किया गया मुकदमा झूठा था। इस मुकदमे में ऐसे भी युवक शामिल किए गए थे जो उस समय पढ़ रहे थे। उन्हें इस बारे में बताया गया था तो उन्होंने मुकदमा वापसी के प्रयास किए थे। कानून मंत्री से बुधवार को उनकी बात हुई तो उन्हें मुकदमा वापसी की जानकारी हुई। शामली के बाल्मिकी समाज को न्याय दिलाया है।

    -तेजेंद्र निर्वाल, विधायक, शामली।

    इनका कहना है..

    वर्ष 2013 में नगर में सांप्रदायिक दंगे का मुकदमा नगर कोतवाली शामली में दर्ज हुआ था। यह मुकदमा वापस हुआ है या नहीं, फिलहाल उन्हें यह जानकारी नही है।

    -विनीत जायसवाल, एसपी शामली।