शामली के कैराना में अवैध मेले की तैयारियां तेज, प्रशासन बेखबर; पिछले साल हुआ था हादसा
कैराना के झाड़खेड़ी रोड पर पिछले साल हुए जानलेवा हादसे के बावजूद अवैध मेले की तैयारियां फिर से शुरू हो गई हैं।

कैराना में झाड़खेड़ी रोड पर भूमि पर पड़ा मेले का सामान। जागरण
HighLights
झाड़खेड़ी रोड पर अवैध मेले की तैयारियां फिर से शुरू।
पिछले साल इसी जगह झूले से गिरकर युवक की मौत हुई।
एसडीएम ने बिना अनुमति मेला न लगने देने की बात कही।
जागरण संवाददाता, शामली। झाड़खेड़ी रोड पर एक बार फिर मेले की तैयारियां शुरू हो गई हैं, जिस स्थान पर पिछले साल झूले से गिरकर एक युवक की जान चली गई थी, उसी भूमि पर बिना प्रशासनिक अनुमति झूले और अन्य सामान सजाया जा रहा है। इसके बावजूद प्रशासन अनजान बना हुआ है।
झाड़खेड़ी रोड स्थित भूमि पर कई वाहनों में मेला सजाने का सामान लाया गया है। आयोजकों के हौंसले इतने बुलंद हैं कि मेले के नियम-कायदे तो दूर, बल्कि अनुमति भी अभी प्रशासन की ओर से नहीं दी गई है। इस भूमि को लेकर पहले भी विवाद सामने आते रहे हैं।
पिछले साल हुआ था हादसा
बताया जाता है कि नवंबर 2025 में इसी स्थान पर लगे मेले में नगर के मोहल्ला बेगमपुरा निवासी आसिफ चलते झूले से नीचे गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया था। उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई थी।
इस हादसे के बावजूद एक बार फिर उसी स्थान पर मेले की तैयारियां शुरू होने से तमाम सवाल खड़े हो रहे हैं। ऐसे में प्रशासन की अनुमति के बिना झूले लगाए जाने पर जिम्मेदारों की निगरानी भी सवालों के घेरे में है।
इस बार हादसा हुआ तो कौन होगा जिम्मेदार?
पिछले साल झूले से गिरकर युवक की मौत के बाद भी उसी स्थान पर दोबारा मेले की तैयारियां शुरू होना कई सवाल खड़े कर रहा है। मेले में लगाए जाने वाले झूलों की सुरक्षा, उनकी क्षमता और तकनीकी जांच बेहद जरूरी है।
ऐसे में जब आयोजन की अनुमति ही नहीं है तो झूले लगाने और मेले की तैयारियां करने वालों पर कार्रवाई क्यों नहीं हो रही है? यदि इस बार भी कोई हादसा हुआ तो उसकी जिम्मेदारी आखिर कौन लेगा? क्या प्रशासन किसी अनहोनी का इंतजार कर रहा है?
झाड़खेड़ी रोड पर मेले की अनुमति नहीं दी गई है। बिना अनुमति मेला नहीं लगने दिया जाएगा।
-शिवाजी यादव, एसडीएम कैराना।
यह भी पढ़ें- देवोत्थान पर गूंजेगी शहनाइयां: शामली में 600+ शादियों का अनुमान, मैरिज होम और बैंडबाजों की बुकिंग शुरू
यह भी पढ़ें- दीपावली और धनतेरस पर बाजारों में जमकर हुई धनवर्षा, शामली में 90 करोड़ के कारोबार का अनुमान
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।