लहसुन की खेती उगल रही ‘सोना’, जलालाबाद के किसानों के लिए बनी मुनाफे का सौदा, इस बार बंपर बुवाई
जलालाबाद में लहसुन की खेती किसानों के लिए अत्यधिक लाभदायक साबित हो रही है, जिससे इस बार इसकी बुवाई का रकबा डेढ़ गुना बढ़ गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
जलालाबाद में लहसुन की खेती किसानों के लिए अत्यधिक लाभदायक।
आलू की बुवाई घटी, लहसुन का रकबा डेढ़ गुना बढ़ा।
लहसुन को कोल्ड स्टोरेज की आवश्यकता नहीं, अच्छा दाम।
जागरण संवाददाता, शामली। जलालाबाद में इस बार आलू की कम बुवाई का लाभ लहसुन को मिल रहा है। लगातार छह वर्ष से किसानों के लिए लहसुन की फसल लाभ का सौदा साबित हो रही है। इस बार क्षेत्र में लहसुन का रकबा डेढ़ गुना बढ़ा है और 2000 बीघा से अधिक होने का अनुमान है।
आलू के दाम में मंदी के चलते किसानों का इस फसल से मोहभंग हुआ है। कोल्ड स्टोरेज में आलू के बीज के स्टाक का खर्च भी किसानों को जेब से देना पड़ा। पिछले वर्ष आलू की बुवाई 2000 बीघा से अधिक थी, जो इस बार घटकर 1000 बीघा रह गई है।
वहीं, पिछले वर्ष खेत में खड़ा लहसुन 60 से 80 रुपये प्रति किलो एडवांस में बिका। कटाई के बाद दाम बढ़े तो लहसुन की फसल किसानों के लिए सोना बन गई। फसल का दाम 110 से 120 रुपये और आखिर तक 250 रुपये प्रति किलो तक पहुंचे।
लहसुन को कोल्ड स्टोरेज में रखने की जरूरत नहीं होती। किसान इसे निजी गोदाम में रखकर लाभकारी भाव मिलने पर बेचते हैं। वर्ष 2020 से इसकी फसल के दाम किसानों के लिए लाभदायक रहे हैं।

जलालाबाद क्षेत्र में सुपर शंकर प्रजाति का चलन है और देश की मंडियों में इसकी मांग है। छह महीने की फसल में प्रति बीघा 10 कुंतल से अधिक उत्पादन होता है। लहसुन में कंपोस्ट और पोल्ट्री फार्म की बीट खाद डाली जाती है, रासायनिक खाद का प्रयोग नहीं होता।
करनाल, पानीपत और मुजफ्फरनगर से बीट खाद 14 हजार रुपये प्रति ट्रॉली मिल रही है। छह बीघा में एक ट्राली खाद डाली जाती है। कृषि विज्ञान केंद्र प्रभारी संदीप चौधरी ने बताया कि देसी खाद का इस्तेमाल आगामी फसलों के लिए भी लाभदायक है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।