विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अब गांव की पंचायतों में उगेगा रोजगार, बिहार के 100 पंचायतों में मशरूम की व्यावसायिक खेती; 66 हजार किसान बने FPO के सदस्य

Published: Sat, 28 Nov 2026 05:39 PM (IST)

Bihar Boosts Mushroom Farming बिहार सरकार 21 जिलों की 100 पंचायतों में व्यावसायिक मशरूम उत्पादन को बढ़ावा दे रही है, जिससे किसानों की आय बढ़ेगी और गांवों में रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

मशरूम से लेकर डेयरी तक, गांव में ही खुलेंगे कमाई के रास्ते

मशरूम से लेकर डेयरी तक, गांव में ही खुलेंगे कमाई के रास्ते

HighLights

  1. बिहार की 100 पंचायतों में मशरूम उत्पादन को बढ़ावा।

  2. 66,450 किसान एफपीओ से जुड़कर बन रहे उद्यमी।

  3. कृषि आधारित व्यवसायों से ग्रामीण अर्थव्यवस्था होगी मजबूत।

राज्य ब्यूरो, पटना। बिहार के किसानों की आमदनी बढ़ाने और गांवों में रोजगार के नए अवसर तैयार करने के लिए सरकार ने कृषि आधारित व्यवसायों को बढ़ावा देने की पहल तेज कर दी है।

पहले चरण में राज्य के 21 जिलों की 100 पंचायतों का चयन किया गया है, जहां व्यावसायिक स्तर पर मशरूम उत्पादन को बढ़ावा दिया जाएगा। इस पहल के जरिए किसानों को पारंपरिक खेती के साथ कारोबार से जोड़ने की तैयारी है। सरकार का उद्देश्य पंचायत स्तर पर ही रोजगार और स्वरोजगार के अवसर विकसित करना है।

100 एफपीओ से जुड़े 66,450 किसान, जुटी 3.14 करोड़ की पूंजी

चयनित जिलों में गठित 100 किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) से अब तक 66,450 किसान सदस्य बन चुके हैं। इन संगठनों में तीन करोड़ 14 लाख रुपये से अधिक की अंशपूंजी जमा की गई है।

खास बात यह है कि इसमें 50 प्रतिशत राशि सरकार की ओर से अनुदान के रूप में उपलब्ध कराई गई है। इससे किसान सामूहिक रूप से कारोबार शुरू करने और उसे आगे बढ़ाने के लिए आर्थिक आधार तैयार कर सकेंगे।

सहकारिता मंत्री बोले- किसान अब केवल फसल उत्पादक नहीं, बनेंगे कारोबारी

सहकारिता मंत्री राम कृपाल यादव ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता किसानों को केवल खेती तक सीमित रखने के बजाय कृषि आधारित व्यवसायों से जोड़ना है। किसान उत्पादन संगठन इस दिशा में प्रभावी माध्यम बन रहे हैं।

इनके जरिए किसान सामूहिक रूप से कारोबार कर रहे हैं। अपने उत्पादों का प्रसंस्करण और विपणन कर अतिरिक्त आमदनी अर्जित कर रहे हैं। इससे किसानों की आर्थिक स्थिति मजबूत होने के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में रोजगार और स्वरोजगार के नए अवसर भी पैदा हो रहे हैं।

67 एफपीओ में शुरू हो चुका है कारोबार, 33 को सक्रिय करने की तैयारी

राज्य में गठित 100 एफपीओ में से 67 में विभिन्न व्यावसायिक गतिविधियां शुरू हो चुकी हैं। इन संगठनों के माध्यम से उर्वरक और बीज की बिक्री, तेल मिल का संचालन, मशरूम उत्पादन, डेयरी उत्पाद, गुड़ निर्माण, पशुपालन और सिलाई जैसे कार्य किए जा रहे हैं। वहीं, शेष 33 एफपीओ को भी जल्द व्यावसायिक रूप से सक्रिय बनाने के लिए विभागीय स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।

मशरूम से लेकर डेयरी तक, गांव में ही खुलेंगे कमाई के रास्ते

सरकार की योजना किसानों को उनकी पंचायतों में उपलब्ध संसाधनों और स्थानीय मांग के अनुरूप व्यवसाय से जोड़ने की है। मशरूम उत्पादन के साथ कृषि से जुड़े दूसरे कारोबार भी इस पहल का हिस्सा हैं।

एफपीओ के माध्यम से किसान सामूहिक उत्पादन, उत्पादों की बिक्री और विपणन की व्यवस्था विकसित कर सकेंगे। इससे उन्हें बाजार तक पहुंच बनाने और खेती से इतर आय के साधन तैयार करने में मदद मिलेगी।

कारोबार शुरू करने से पहले किसानों को मिलेगी विशेष ट्रेनिंग

किसान उत्पादन संगठनों से जुड़े सदस्यों को व्यवसाय शुरू करने से पहले जरूरी प्रशिक्षण दिया जा रहा है। प्रशिक्षण के दौरान किसानों को उनके क्षेत्र की मांग, उपलब्ध संसाधनों और संभावित व्यावसायिक गतिविधियों की जानकारी दी जाएगी। इसका उद्देश्य है कि किसान बिना तैयारी के कारोबार शुरू करने के बजाय सही गतिविधि का चयन करें और उसे सफलतापूर्वक संचालित कर सकें।

पंचायत स्तर पर मजबूत होगी ग्रामीण अर्थव्यवस्था

सरकार की इस पहल से कृषि आधारित कारोबार को गांवों तक पहुंचाने की योजना है। 100 पंचायतों में मशरूम उत्पादन को व्यावसायिक स्वरूप देने के साथ एफपीओ के जरिए अन्य गतिविधियों का विस्तार किया जाएगा। इससे किसानों को सामूहिक कारोबार का अवसर मिलेगा और ग्रामीण क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए रास्ते खुल सकेंगे।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।