इमरान मसूद के बयान पर बोलीं इकरा, वो तो पहले से चिढ़े-चिढ़ाए हैं... सपा सांसद ने गिनाया सीटों का गणित
सपा सांसद इकरा हसन ने इमरान मसूद के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि वह पहले से ही चिढ़े हुए हैं और गठबंधन में ऐसी बयानबाजी से बचना चाहिए।

सांसद इकरा हसन और सांसद इमरान मसूद। फाइल फोटो
HighLights
कांग्रेस सांसद के 'हम भिखारी नहीं' बयान पर कैराना सांसद ने जताई असहमति।
कहा- सपा अपनी जीती हुई सीटों को न देगी, न उनकी जीती सीटों पर दावा करेगी।
संवाद सूत्र, कैराना (शामली)। सपा और कांग्रेस में सीटों के बंटवारे पर जारी खींचतान के बीच इमरान मसूद के बयान पर कैराना से समाजवादी पार्टी की सांसद इकरा हसन ने भी प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने एक समाचार एजेंसी और एक समाचार चैनल से बातचीत में कहा कि इमरान मसूद तो पहले से ही चिढ़े-चिढ़ाए हैं। वह लगातार टीका-टिप्पणी कर रहे हैं। गठबंधन में इस तरह की बयानबाजी नहीं होनी चाहिए। किसी को भी अहंकार से बचना चाहिए।
इकरा हसन ने कहा कि इमरान की नाराजगी का कोई तार्किक आधार नहीं है। सपा ने सीटों पर चर्चा के दौरान पहले ही स्पष्ट कर दिया था कि जिन सीटों पर उसके मौजूदा विधायक हैं, वे समझौते के दायरे से बाहर रहेंगी। इसी आधार पर पांच प्रत्याशी घोषित किए गए हैं। उन्होंने बताया कि सपा ने कांग्रेस को 26 सीटों की सूची दी गई है, इनमें हमें कोई आपत्ति नहीं है। इन सीटों में कांग्रेस के दो मौजूदा विधायकों की सीटें और चार ऐसी सीटें शामिल हैं, जहां उसका प्रदर्शन अच्छा रहा है।
इनके अलावा कांग्रेस ने जो हमें सूची दी थी, उनमें से 20 और सीटों पर सपा को कोई आपत्ति नहीं है। हम हर सीट पर बातचीत के लिए तैयार हैं सिवाय उन सीटों के जहां हमारे विधायक हैं। यही बात कांग्रेस के लिए लागू है, हम उनकी जीती सीटों पर दावा नहीं कर सकते। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद को भिखारी जैसे शब्दों के इस्तेमाल से बचना चाहिए। इकरा ने बताया कि दोनों दलों की ओर से गठित समिति सीटवार समीकरणों और प्रत्याशियों पर मंथन कर रही है।
यह भी पढ़ें- इमरान मसूद ने सपा को याद दिलाया 2012 का रिकॉर्ड, बोले- 'मैं पश्चिमी यूपी का बड़ा मुस्लिम चेहरा हूं, बस यही परेशानी...
वर्ष 2022 में हुई चूक को दोहराने से बचने की कोशिश है। उन्होंने कहा कि हो सकता है कांग्रेस के लिए 2029 का चुनाव ज्यादा महत्वपूर्ण हो सकता है लेकिन समाजवादी पार्टी के लिए सब कुछ 2027 का चुनाव है। हम हर सीट को हर एंगल से विश्लेषण कर रहे हैं, खासकर उन सीटों पर जो हम हारे थे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।