संगीत सोम ने मुजफ्फरनगर दंगों के लिए अखिलेश यादव और आजम खान को जिम्मेदार ठहराया
भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सोम ने अखिलेश यादव और आजम खान को मुजफ्फरनगर दंगों का जिम्मेदार ठहराते हुए उन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने आगामी यूपी चुनावों में भाजपा की जीत का दावा किया।

HighLights
संगीत सोम ने जौहर यूनिवर्सिटी को लेकर भी आजम खान पर गंभीर आरोप लगाए।
आगामी विधानसभा चुनावों में भाजपा की 300 से अधिक सीटों पर जीत का दावा।
जागरण संवाददाता, सरधना (मेरठ)। सरधना से भाजपा के पूर्व विधायक संगीत सोम ने एक टीवी चैनल को दिए साक्षात्कार में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और पूर्व मंत्री आजम खान पर तीखा हमला बोला। उन्होंने मुजफ्फरनगर दंगों के लिए तत्कालीन अखिलेश यादव सरकार और आजम खान को जिम्मेदार ठहराते हुए गंभीर आरोप लगाए।
भाजपा पूर्व विधायक संगीत सोम ने आरोप लगाया कि मुजफ्फरनगर दंगों के दौरान निर्दोष लोगों की जान गई और तत्कालीन सरकार ने मरने वालों के वास्तविक आंकड़े छिपाए। दंगों की कीमत हिंदू परिवारों को चुकानी पड़ी।
उन्होंने कहा कि जब मुजफ्फरनगर में हिंसा हो रही थी। उस समय अखिलेश यादव सैफई में कार्यक्रम देख रहे थे और आजम खान थानों से आरोपितों को छुड़वाने का काम कर रहे थे। जौहर यूनिवर्सिटी को लेकर भी आजम खान पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने सवाल किया कि यूनिवर्सिटी के निर्माण के लिए हजारों करोड़ रुपये कहां से आए।
आरोप लगाया कि आजम खान ने जौहर यूनिवर्सिटी को आतंकवाद का अड्डा बनाने का काम किया। अखिलेश यादव का हाथ माफिया के साथ है और समाजवादी पार्टी तुष्टिकरण की राजनीति करती है। उन्होंने कहा कि वह सभी धर्मों का सम्मान करते हैं। लेकिन देशविरोधी गतिविधियों का समर्थन करने वालों को भारत में जगह नहीं मिलनी चाहिए। उन्हें ऐसे मुस्लिम पसंद हैं जो भारत में रहकर वंदेमातरम, जय हिंद और जय भारत बोलते हैं।
संगीत सोम ने अभिनेता शाहरुख खान का नाम लेते हुए बांग्लादेश में हिंदुओं पर हो रहे अत्याचारों के बीच बांग्लादेशी खिलाड़ियों को खरीदने को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि भारत में भी प्रतिभाशाली खिलाड़ी मौजूद हैं। साथ ही कहा कि जाट और राजपूत समाज में कोई मतभेद नहीं है और सभी 36 बिरादरी मिलकर काम करती हैं।
अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वह कभी पंडितों तो कभी जाटों पर टिप्पणी करते हैं और राजपूत समाज के धुर विरोधी हैं। उन्होंने कहा कि वोट बैंक टोपी पहनने से नहीं बनता। मुस्लिम समाज के लोग अपनी धार्मिक पहचान के प्रतीक के रूप में टोपी पहनते हैं तो उन्हें कोई आपत्ति नहीं है, लेकिन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ टोपी क्यों पहनें।
आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर भाजपा की जीत का दावा करते हुए संगीत सोम ने कहा कि उत्तर प्रदेश में भाजपा 300 से अधिक सीटों के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता मुजफ्फरनगर जैसे दंगों का दौर दोबारा नहीं देखना चाहती और अखिलेश यादव की सरकार आने की स्थिति में प्रदेश में फिर से दंगे होने की आशंका है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।