शाहजहांपुर में अंटा चौराहा से देवी प्रसाद कॉलेज तक लिंक रोड होगी डामर, दो की बन रही डीपीआर
शाहजहांपुर में जेल रोड पर लगने वाले जाम से मुक्ति दिलाने के लिए नगर निगम ने कमर कस ली है। अंटा चौराहा के पास देवी प्रसाद इंटर कॉलेज मार्ग को डामर से दुरुस्त किया जाएगा जिसकी निविदा हो चुकी है। इसके अतिरिक्त दो अन्य मार्गों के लिए डीपीआर बन रही है। अंटा चौराहा से हनुमतधाम होते हुए बांस मंडी तक सड़क का चौड़ीकरण भी प्रस्तावित है।

जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। जेल रोड से अंटा चौराहा होकर मालखाना मोड़ तक जाम से निजात दिलाने की कवायद तेज हो गई है। नगर निगम की ओर से अंटा चौराहा के पास से देवी प्रसाद इंटर कालेज जाने वाले मार्ग को डामर कराया जाएगा। निविदा हो चुकी है, जल्द काम शुय होगा। इसके अतिरिक्त दो मार्गों के लिए डीपीआर तैयार कराई जा रही है।
वाहनों की संख्या बढ़ने के साथ ही यातायात नियंत्रित करना भी मुश्किल हो गया है। इसकी वजह से शहर में दिनों दिन जाम की समस्या बढ़ती जा रही है, जिस कारण लोग परेशान हाेते हैं। जेल रोड से अंटा चौराहा होकर मालखाना मोड़ तथा केरुगंज तक मार्ग पर रोजाना ही जाम लगता है।
इससे निजात दिलाने को नगर निगम की ओर से अंटा चौराहा से देवी प्रसाद इंटर कालेज तक सड़क का ब्लैक टाप जीर्णोद्धार कराया जाएगा। शासन से इसके लिए 1.43 करोड़ रुपये की स्वीकृत प्रदान की गई है। टेंडर प्रक्रिया को भी पूरा कर लिया गया है और जल्द ही कार्य शुरू होने की संभावना है।
वहीं सीएम ग्रिड के तहत अंटा चौराहा से हनुमतधाम होते हुए बांस मंडी तक सड़क का समेकित विकास कराया जाना प्रस्तावित है। इसमें सड़क का चौड़ीकरण करने के साथ ही दोनों ओर डक्ट, फुटपाथ और बीच में डिवाइडर बनाया जाएगा। डिवाइडर पर जहां स्ट्रीट लाइटें लगेगीं, तो फुटपाथ के किनारे फैंसी लाइटों को भी लगाया जाएगा। लोगों के बैठने को सीटें डाली जाएगी।
बृजविहार होते हुए लोधीपुर तक नाला पाटकर बनेगी सड़क
बृज विहार वार्ड के पार्षद रामबरन सिंह ने अंटा चौराहा के पास से बृज विहार होते हुए अक्षरधाम कालोनी से लोधीपुर तक निकले नाले को पाटकर दोपहिया वाहन के लिए रोड बनाने और उसके पास ही सड़क चार पहिया वाहनों तैयार किए जाने का प्रस्ताव भी नगर निगम के अधिकारियों को सौंपा गया है। जिसको महापौर अर्चना वर्मा, नगर आयुक्त डा. बिपिन कुमार मिश्रा तथा अपर नगर आयुक्त एसके सिंह की ओर से सहमति मिल चुकी है। अब इसका सर्वे करवाकर डीपीआर तैयार कराई जा रही है।
नाला पाटकर दो पहिया वाहन और पास की सड़क को चार पहिया वाहनों के लिए बनवाने का प्रस्ताव दिया था। इससे न केवल जेल रोड पर जाम की समस्या कम होगी, बल्कि शहर के निवासियों को कई अन्य फायदे भी होंगे। आवागमन के लिए शहर के निवासियों को एक अच्छा विकल्प मिल सकेगा।
- रामबरन सिंह चंदेल, पार्षद, बृज विहार
जाम की समस्या से निजात दिलाने के लिए अंटा चौराहा के आसपास से सड़कों के निर्माण का निर्णय लिया गया है। अंटा चौराहा से देवी प्रसाद कालेज तक सड़क जीर्णोद्धार को स्वीकृति मिल गई है। बृजविहार से होकर लोधीपुर तक नाला के ऊपर और पास की सड़क को बनाने के लिए सर्वे करा रहे हैं।अंटा चौराहा से हनुमतधाम होकर बांस मंडी तक रोड का विकास भी प्रस्तावित है।
- डा. बिपिन कुमार मिश्र, नगर आयुक्त
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।