शाहजहांपुर के लिए राहतभरी खबर: खतरे के निशान से नीचे आईं गर्रा-खन्नौत, रामगंगा अब भी ऊपर
रामगंगा नदी अभी भी खतरे के निशान से ऊपर है पर अन्य नदियों का जलस्तर घट रहा है। कई इलाके अभी भी डूबे हुए हैं। मेडिकल कॉलेज में ओपीडी सेवाएं फिर से शुरू हो गई हैं। अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों का दौरा किया और राहत सामग्री वितरित की। राजमार्ग पर यातायात फिर से शुरू हो गया है हालाकि कुछ भाग क्षतिग्रस्त है।

जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। बाढ़ का पानी तेजी से कम होने लगा है। रामगंगा खतरे के निशान से थोड़ा ऊपर है, लेकिन शेष नदियों में जलस्तर घट रहा है। हालांकि कई मुहल्ले व गांव अब भी बाढ़ से प्रभावित हैं। स्थिति को सामान्य होने में समय लगेगा। रिंगरोड पर वाहनों का आवागमन शुरू हो गया है। राजकीय मेडिकल कॉलेज में भी ओपीडी शुरू हो गई। मरीज भी भर्ती किए गए।
लखनऊ दिल्ली राष्ट्रीय राजमार्ग पर सड़क का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है। लगभग एक सप्ताह से गर्रा व खनौत नदी उफान पर थीं। जिस कारण पानी आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंच गया था। सुभाषनगर कॉलोनी, साउथ सिटी कॉलोनी, आवास विकास कॉलोनी, काशीराम कॉलोनी सहित कई मोहल्लों में पानी पहुंचने से लोगों को राहत शिविरों में आश्रय लेना पड़ा। ख्वाजा फिरोज, लोकविहार कॉलोनी में भी यही हाल है। सोमवार को इन क्षेत्रों के लोगों को कुछ राहत मिली।
कई मुहल्ले व गांव अब भी बाढ़ के पानी से घिरे, शुरू हुई मेडिकल कालेज में ओपीडी
बाढ़ का पानी तेजी से घटने लगा। दो दिन से अजीजगंज से एसएस कॉलेज जाने वाली रोड पर बह रहा पानी पूरी तरह से हट गया। हालांकि एसएस कॉलेज, एसएसएमवी व धर्मानंद इंटर कॉलेज में अब भी जलभराव है। मेडिकल कॉलेज में परिसर में पानी पूरी तरह से हटने के कारण सोमवार से यहां आपातकालीन चिकित्सा सेवाएं बहाल कर दी गईं। आवास विकास कॉलोनी में भी पानी कम हो गया। हालांकि साउथ सिटी कॉलोनी में अभी जलभराव है।
कई कॉलोनियों व मार्गाें से हटा पानी, अधिकारियों ने निरीक्षण करके वितरित की सामग्री
बाढ़ के पानी के तेज बहाव के कारण नेशनल हाईवे पर सड़क का कुछ हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है, लेकिन इसका आवागमन पर कोई असर नहीं पड़ा। आवास विकास कॉलोनी में भी यही स्थिति है। गर्रा में सोमवार को दियूनी बांध से 7700 क्यूसेक पानी छोड़ा गया। नदी खतरे के निशान 148.80 मीटर से नीचे 148.35 मीटर पर आ गई। खन्नौत नदी में भी जलस्तर घटा है। नदी खतरे के निशान 145.75 मीटर से नीचे 145.30 मीटर पर बह रही है।
जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह, नगर आयुक्त डॉक्टर बिपिन मिश्र, एडीएम वित्त अरविंद सिंह सहित संबंधित अधिकारियों ने प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर बाढ़ प्रभावितों का हाल जाना। उन्होंने राहत सामग्री वितरित कराई। आश्रय स्थलों का भी हाल जाना।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।