UP News : आनलाइन गेम में कर्जदार हुआ फौजी पति, पत्नी पर बनाने लगा मायके से 11 लाख लाने का दबाव; फंदे से लटकी परेशान महिला
शाहजहांपुर में एक फौजी पर दहेज हत्या का आरोप लगा है। आरोप है कि फौजी ऑनलाइन गेम खेलने के कारण कर्जदार हो गया था और पत्नी पर मायके से 11 लाख रुपये लाने का दबाव बना रहा था। रुपये न मिलने पर ससुराल में उसे प्रताड़ित किया गया। रविवार को पत्नी का शव फंदे पर लटका मिला।
जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर । आनलाइन गेम खेलने की लत में कर्जदार हुए फौजी ने पत्नी पर मायके से 11 लाख रुपये लाने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। जब रुपये नहीं मिले तो ससुराल में महिला को प्रताड़ित किया जाने लगा।
रविवार को फंदे पर शव लटका मिला, जिस पर मायके वालों ने सास, ससुर समेत तीन पर दहेज हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई, जबकि जम्मू में तैनात फौजी दामाद को षड़यंत्र रचने के आरोप में नामजद कराया। घटना के 30 घंटे बाद शव का पोस्टमार्टम कराया जा सका।
बंडा क्षेत्र के चिकटिहा गांव निवासी गजेंद्र सिंह ने बताया कि उन्होंने अपनी बेटी विधि सिंह की शादी 23 फरवरी 2023 को मदनापुर के नगला बन्नू गांव निवासी फौजी हरिओम सिंह से की थी। जो इस समय जम्मू में तैनात है। बेटी ससुराल में रहती थी।
शादी में खर्च हुए थे करीब 30 लाख
शादी में करीब 30 लाख रुपये खर्च हुए थे। आरोप है कि शादी के कुछ दिन बाद से ही बेटी को दहेज के लिए प्रताड़ित करना शुरू कर दिया गया। विधि के भाई शिव प्रताप सिंह ने बताया कि हरिओम आनलाइन गेम खेलता है। जिसमें लाखों रुपये हार गया। उसने बैंक से कर्ज भी लिया था, जिसे चुकता करने के लिए 11 लाख रुपये मांग रहा था। जम्मू से पहले मेरठ में तैनाती के दौरान उसने बहन से कई बार मारपीट की। उसके उच्चाधिकारियों से शिकायत के बाद स्थानांतरण कर दिया गया था। इसके बाद से वह दूसरी शादी करने की भी धमकी देता था।
कर्ज चुकाने के लिए मांगे 11 लाख रुपये
शिव प्रताप ने बताया कि बहनोई कर्ज चुकता करने के लिए 11 लाख रुपये मांग रहा था। बहन ने यह मांग पूरी कराने में जब असमर्थता जताई तो उसे और ज्यादा प्रताड़ित करना शुरू कर दिया गया।जहर देकर मारने का प्रयास किया। उन लोगों को जब इसके बारे में पता चला तो चिकटिहा जाकर ससुराल वालों को समझाने का प्रयास किया लेकिन कोई नहीं माना। उन लोगों के सामने भी विधि की पिटाई भी की गई।
उसके बाद वे लोग वहां से चले आए थे। रविवार सुबह विधि का शव कमरे में फंदे पर लटका मिला। उन लोगों को जब इसकी जानकारी हुई तो वे भी मौके पर पहुंच गए। शरीर पर चोट के निशान देखकर पुलिस को सूचना दी गई।
प्राथमिकी पंजीकृत न होने के कारण उन लोगों ने पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया था। पुलिस ने विधि के ससुर श्यामवीर सिंह, सास मुनीशा देवी व भाई सत्यम के विरुद्ध हत्या की धारा में प्राथमिकी पंजीकृत की है। जबकि हरिओम को षड़यंत्र रचने के आरोप में नामजद किया है। इसके बाद सोमवार दोपहर बाद पोस्टमार्टम कराया गया।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।