विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एक ही काम की 1600 फोटो अपलोड कर भुगतान निकालने की थी तैयारी, AI की नजर से नहीं बच पाए अफसर; 6 पर गिरी गाज

Published: Sat, 28 Nov 2026 06:19 PM (GMT+05:30)

शाहजहांपुर के निगोही ब्लॉक में मनरेगा (वीबी जी रामजी) के तहत एक ही कार्य के 1600 से अधिक फर्जी फोटो अपलोड कर भुगतान की तैयारी थी, जिसे एआइ ने पकड़ लिया। इस अनियमितता के चलते छह मेट की सेवा समाप्त कर दी गई है।

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. वीबी जी रामजी के तहत निगोही की 27 ग्राम पंचायतों में सामने आई अनियमितता

जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। मनरेगा का नाम बदलकर वीबी जी रामजी करने के साथ ही कई व्यवस्थाओं में बदलाव किया गया है। पारदर्शिता बढ़ाने और भ्रष्टाचार रोकने के लिए तकनीक का सहारा लिया गया, लेकिन निगोही ब्लाक की 27 ग्राम पंचायतों में गड़बड़ी सामने आई। एक ही कार्य के फोटो चार से पांच बार अपलोड किए गए।

भुगतान की तैयारी भी हो गई थी, लेकिन नेशनल मोबाइल मानीटरिंग सिस्टम (एनएमएमएस) पर एआइ ने मामला पकड़ लिया। शासन के निर्देश पर ऐसे 1600 से अधिक फोटो की जांच शुरू की गई है।

छह मेट की सेवा समाप्त कर दी गई है। अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी, ग्राम पंचायतों के प्रशासकों, रोजगार सेवकों और अन्य संबंधित लोगों से स्पष्टीकरण मांगा गया है। जवाब के आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।

विकसित भारत रोजगार और आजीविका मिशन गारंटी ग्रामीण अधिनियम 2025 के तहत ग्राम पंचायतों में काम कराकर मजदूरों के खातों में भुगतान भेजा जाता है। निगोही ब्लाक में कराए गए विभिन्न कार्यों के फोटो पोर्टल पर अपलोड किए गए थे।

भुगतान प्रक्रिया के दौरान एनएमएमएस पर एआइ ने 27 ग्राम पंचायतों में एक जैसे 1600 से अधिक फोटो पाए। इन्हें अलग-अलग तारीखों और दिनों में अपलोड किया गया था।

गड़बड़ी सामने आने के बाद शासन ने सभी भुगतान रोक दिए और जिलाधिकारी धर्मेंद्र प्रताप सिंह को जांच कर कार्रवाई के निर्देश दिए। जिलाधिकारी के निर्देश पर प्रक्रिया से जुड़े ब्लाक के अधिकारियों और कर्मचारियों सहित अतिरिक्त कार्यक्रम अधिकारी तथा रोजगार सेवकों से जवाब मांगा गया है।

जांच टीम को मौके पर काम मिला है। कुछ रोजगार सेवकों ने इसे मानवीय चूक बताया है, लेकिन एक साथ इतनी बड़ी संख्या में फोटो अपलोड होने से प्रक्रिया में शामिल लोगों की भूमिका पर सवाल उठे हैं।

रियल टाइम लोकेशन होती ट्रेस

मनरेगा मजदूर को एनएमएमएस एप पर दिन में तीन बार हाजिरी लगानी होती है। इसमें चेहरे का प्रमाणीकरण होता है और उसी आधार पर भुगतान किया जाता है। एप मजदूर की रियल टाइम लोकेशन भी ट्रेस करता है। निगोही में बड़ी संख्या में एक जैसे फोटो अपलोड होने पर अधिकारी हैरान रह गए।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर में जिंदा महिला को कागजों में मृत दिखाकर जमीन का सौदा, तहसील के दो ऑपरेटर समेत छह पर केस

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: नेम प्लेट पर लिखा था 'वंदेमातरम' और 'भगत सिंह', इमाम ने ऐन वक्त पर निकाह पढ़ाने से किया इनकार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।