शाहजहांपुर: नेम प्लेट पर लिखा था 'वंदेमातरम' और 'भगत सिंह', इमाम ने ऐन वक्त पर निकाह पढ़ाने से किया इनकार
शाहजहांपुर में एक अधिवक्ता ने इमाम के खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने का आरोप लगाते हुए प्राथमिकी दर्ज कराई है। इमाम ने राष्ट्रवादी विचारों और 'वंदेमातरम' नेमप्लेट के कारण उनकी बहन का निकाह पढ़ाने से इनकार कर दिया था।

एआई इमेज
HighLights
शाहजहांपुर में भगत सिंह रक्त सेवा मंच के संचालक ने दर्ज कराई प्राथमिकी
जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। सरनेम में जाति के स्थान पर भगत सिंह और दरवाजे की नेम प्लेट पर वंदेमारतम, जय हिंद का नारा। राष्ट्रवादी विचार वाले मोनिश के विरुद्ध नफरत भरा रवैया बरता गया। इमाम मोहम्मद सुरफान रजा कादिरी ने उनकी बहन का निकाह पढ़ाने से इन्कार कर दिया।
गुरुवार को मोनिश ने इमाम मोहम्मद सुरफान के विरुद्ध धार्मिक भावनाएं आहत करने एवं शांतिभंग की धारा में प्राथमिकी लिखाई। उनका आरोप है कि हिंदू परंपराओं का सम्मान करने, राष्ट्रवादी विचार रखने पर इमाम ने मानसिक रूप से परेशान किया।
बरमौला अर्जुनपुर गांव में रहने वाले अधिवक्ता मोनिश का परिवार सौहार्दपूर्ण व्यवहार रखता है। वह भाई दूज समेत कई हिंदू त्योहार मनाते हैं। वह अपने नाम के आगे भगत सिंह लिखते हैं। जय हिंद व वंदेमातरम बोलते हैं, नेम प्लेट पर भी लिखवा रहा है।
उन्होंने बताया कि समाज के कुछ लोग इस पर कई बार आपत्ति जता चुके। वे नहीं चाहते कि हिंदू परंपराओं का सम्मान किया जाए, वंदेमातरम बोला जाए। उनके विरोध की कभी परवाह नहीं की, क्योंकि सौहार्द व देशप्रेम से कोई समझौता नहीं किया जा सकता।
जरूरतमंदों के लिए भगत सिंह रक्त सेवा मंच नाम से संस्था भी संचालित करते हैं। वह बोले, 15 नवंबर को बहन का निकाह तय था। इसके लिए इमाम मोहम्मद सुरफान से पहले ही कह दिया था कि निकाह पढ़वा दें। उन्होंने इस पर हामी भी भरी थी।
निकाह से एक दिन पहले अचानक उन्होंने कह दिया कि निकाह पढ़वाने नहीं आ सकेंगे। उस दिन कई रिश्तेदार, मेहमान आ चुके थे। उनके सामने अपमानित होने की स्थिति आ गई। ऐसे में तुरंत दूसरे इमाम से गुजारिश की, उन्होंने तय तारीख पर निकाह कराया।
इसके बाद बुधवार को रोजा थाना प्रभारी उमेश कुमार मिश्रा को पूरे घटनाक्रम की जानकारी देकर प्राथमिकी दर्ज कराने की मांग की। थाना उमेश कुमार मिश्रा ने बताया कि दोनों पक्षों के बयान दर्ज किए थे।
अधिवक्ता मोनिश की तहरीर पर इमाम मोहम्मद सुरफान के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज करा दी गई है। इस मामले में मोहम्मद सुरफान का कहना है कि पिता की तबीयत खराब होने के कारण निकाह नहीं पढ़वा सके। इसकी जानकारी एक दिन पहले दे दी थी, ताकि दूसरे इमाम की व्यवस्था हो जाए। किसी से द्वेष नहीं है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।