विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शाहजहांपुर में जिंदा महिला को कागजों में मृत दिखाकर जमीन का सौदा, तहसील के दो ऑपरेटर समेत छह पर केस

Published: Sat, 21 Nov 2026 11:02 PM (IST)

शाहजहांपुर में एक जीवित महिला को कागजों में मृत दर्शाकर उसकी जमीन बेचने का मामला सामने आया है। न्यायालय के आदेश पर सदर तहसील के दो कंप्यूटर ऑपरेटरों समेत छह लोगों के खिलाफ धोखाधड़ी का अभियोग दर्ज किया गया है।

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. महिला ने सदर तहसील में तैनात दो कंप्यूटर आपरेटरों को भी कराया नामजद

  2. दान में मिली जमीन पर फर्जी विरासत चढ़ाई, पांच लाख में कर दिया सौदा

जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। जीवित महिला को मृत दर्शा कर जमीन बेचने का आरोप लगाकर न्यायालय के आदेश पर सदर तहसील में तैनात दो कंप्यूटर आपरेटरों समेत छह लोगों के विरुद्ध अभियोग दर्ज कराया गया है।

निगोही परसौना खलीलपुर गांव निवासी तोताराम की पत्नी पानवती ने बताया कि मौजमपुर निवासी मौसा परशुराम ने चार जून 2024 को दानपत्र के जरिए तहसील सदर के पैतापुर 0.5180 हेक्टेयर जमीन उन्हें दान में दी थी। 14 अक्टूबर 2024 को दाखिल खारिज भी उनके नाम हो गया था।

आरोप है कि पानवती के जीवित होते हुए ही कांट के सफ़्तयारा निवासी बृजेश कुमार वर्मा ने खुद को उनका वारिस बता दिया। तहसील के कंप्यूटर आपरेटर अभिनव यादव, अभिषेक मिश्रा व अन्य कर्मचारियों से सांठगांठ कर राजस्व अभिलेखों में अपना नाम दर्ज करा लिया।

इसके बाद बृजेश ने उस जमीन में से 0.324 हेक्टेयर जमीन 15 जून 2026 को मुहल्ला नवादा इंदेपुर निवासी मदनमोहन वर्मा को पांच लाख रुपये में बेच दी। बैनामा में गवाह दिनेश कुमार, जितेंद्र मोहन वर्मा थे। इन पर भी साजिश में शामिल होने का आरोप है।

महिला ने आरोप है कि बृजेश ने रुपये शराब आदि में उड़ा दिए और नशे में गांव में ही फर्जीवाड़े की बात स्वीकार कर ली। जानकारी मिलने पर पानवती ने 28 जुलाई 2026 को सदर तहसील में शिकायत की।

जीवित होने के बाद भी महिला को मृत दर्शा कर जमीन बेचने को शिकायत प्रशासनिक व पुलिस के अधिकारियों से भी की गई लेकिन उसके बाद भी कार्रवाई नहीं की गई जिस वजह से न्यायालय का सहारा लेना पड़ा। प्रभारी निरीक्षक प्रदीप राय ने बताया कि जांच की जा रही है।

यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: नेम प्लेट पर लिखा था 'वंदेमातरम' और 'भगत सिंह', इमाम ने ऐन वक्त पर निकाह पढ़ाने से किया इनकार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।