Shahjahanpur News: गर्रा नदी में जलस्तर बढ़ने से खतरे की आशंका, प्रशासन ने जारी किया अलर्ट
शाहजहांपुर में दियूनी बांध से लगातार पानी छोड़े जाने के कारण गर्रा नदी का जलस्तर बढ़ रहा है। पिछले 12 घंटों में जलस्तर में 2 मीटर की वृद्धि हुई है और सोमवार तक खतरे के निशान तक पहुंचने की आशंका है। निचले इलाकों में नाव और गोताखोर भेजे जा रहे हैं और नदी के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क कर दिया गया है।

जागरण संवाददाता, शाहजहांपुर। दियूनी बांध से लगातार छोड़े जा रहे पानी के कारण गर्रा नदी के जलस्तर में तेजी से वृद्धि हो रही है। पिछले 12 घन्टे के दौरान नदी में पानी दो मीटर तक बढ़ चुका है। सोमवार को यह खतरे के निशान पर पहुंच सकती है। शहर के निचले क्षेत्रों में नाव व गोताखारों को भेजा जा रहा है।
नदी किनारे रहने वाले लोगों को अलर्ट किया
नदी किनारे रहने वाले लोगों को अलर्ट किया गया है। गर्रा नदी में दियूनी बांध से रविवार सुबह को आठ हजार क्यूसेक पानी डिस्चार्ज किया गया है। इससे पहले शुक्रवार को 22 हजार क्यूसेक व शनिवार को 17 हजार क्यूसेक पानी छोड़ा गया था। जिसका प्रभाव दिखने लगा है। रविवार सुबह दस बजे नदी खतरे के निशान 143.65 मीटर से नीचे 142.70 मीटर पर पहुंच गई। अभी इसमें और वृद्धि होगी।
बाढ़ की स्थिति अगस्त की शुरुआत में भी बनी थी
अगस्त की शुरुआत में नदियों में जलस्तर बढ़ने के कारण बाढ़ की स्थिति बनने लगी थी। गंगा, रामगंगा, गर्रा व खन्नौत खतरे के निशान पर पहुंच गईं थीं। हालांकि बरसात कम होने के कारण यह जल्द ही हालात नियंत्रित कर लिए गए थे। नदियों में दो सप्ताह से धीरे-धीरे पानी भी घट रहा था, लेकिन पहाड़ों पर दोबारा अधिक बरसात होने के कारण बांधों से पानी छोड़े जाने का क्रम फिर से शुरू हो गया है।
हालांकि वर्तमान में सभी नदियां खतरे के निशान से नीचे हैं। गर्रा नदी में शुक्रवार को 22 हजार 513 क्यूसेक पानी छोड़ा गया था, जिसका पूरी तरह प्रभाव सोमवार दोपहर तक यहां आएगा। इससे नदी के जलस्तर में दो मीटर तक की वृद्धि होगी।
बाढ़ प्रभारी अधिकारी ने प्रशासन से गर्रा नदी के किनारे रहने वाले लोगों को सतर्क करने व जलस्तर बढ़ने से होने वाली दिक्कत से निपटने की तैयारी का आग्रह किया है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।