Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    अनमोल है जीवन, विशेषज्ञ चिकित्सक से ही कराएं उपचार

    By JagranEdited By:
    Updated: Thu, 31 Dec 2020 12:22 AM (IST)

    स्वास्थ्य महकमा भले ही लोगों की जान से खिलवाड़ करने वाले झोलाछापों के खिलाफ समय-समय पर कार्रवाई का दावा करता है। लेकिन उसके बाद भी शहर से लेकर ग्रामीण ...और पढ़ें

    Hero Image
    अनमोल है जीवन, विशेषज्ञ चिकित्सक से ही कराएं उपचार

    जेएनएन, शाहजहांपुर : स्वास्थ्य महकमा भले ही लोगों की जान से खिलवाड़ करने वाले झोलाछापों के खिलाफ समय-समय पर कार्रवाई का दावा करता है। लेकिन उसके बाद भी शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों में इनकी भरमार है। ऐसे में बुधवार को दैनिक जागरण के प्रश्न पहर में जब अपर मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. संजय अग्रवाल पहुंचे तो सबसे ज्यादा शिकायतें झोलाछापों की मनमानी को लेकर ही पहुंची। उन्होंने अभियान चलाकर कार्रवाई करने की बात कही। बोले- जीवन अनमोल है इसलिए उपचार विशेषज्ञ डॉक्टर से ही कराएं। कोरोना वैक्सीन के बारे में भी लोगों को जानकारी दी। सभी को फिजिकल डिस्टेंसिंग का पालन, मास्क लगाने व सैनिटाइजर से हाथ साफ करने के लिए प्रेरित किया। प्रश्न : बच्चे को सर्दी हो गई। कई बार डॉक्टर को दिखाया, लेकिन फायदा नहीं हो रहा है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    दिनेश कुमार, गोपालपुर नगरिया

    उत्तर : बाल रोग विशेषज्ञ को दिखाकर उपचार कराएं। प्रश्न : क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ पब्लिक को नहीं मिल रहा है। अनुज अग्निहोत्री, अल्हागंज

    उत्तर : लिखित शिकायत करें, जिससे जांच कराकर समस्याओं को दूर कराया जा सके। प्रश्न : एक मरीज मेडिकल कॉलेज लेकर गए थे। जहां ठीक से उपचार नहीं किया गया। जिस वजह से निजी अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा।

    नीटू शर्मा, विभाग संगठन मंत्री अभाविप

    उत्तर : इस संबंध में सीएमएस से बात की जाएगी। दोषी के खिलाफ कार्रवाई कराई जाएगी।

    प्रश्न : चार साल से नर्सिंग के लिए निजी अस्पताल में ट्रेनिग ले रहे थे। क्या सरकारी अस्पताल में जॉब मिल सकती है।

    शानू, मिश्रीपुर

    उत्तर : सीधी कोई भर्ती नहीं होती है। जब भर्ती प्रक्रिया शुरू होगी तो प्रयास कर सकते है। बहकावे में किसी को रुपये न दें।

    प्रश्न : कोरोना एक बार फिर हावी होने लगा है। बचाव के लिए क्या करना चाहिए।

    अनुज्ञा मिश्रा, चौक

    उत्तर : सभी को कोविड 19 की गाइड लाइन का पालन करना चाहिए।

    प्रश्न : निगोही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर एंटी रैबीज के इंजेक्शन नहीं लग रहे है। प्रसव के नाम पर रुपये भी मांगे जाते है।

    अभिनव प्रताप सिंह, निगोही

    उत्तर : एंटी रैबीज वैक्सीन की यदि कमी है तो जल्द भिजवा दी जाएगी। सुविधा शुल्क मांगने वालों पर जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी। प्रश्न : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर चिकित्सक 11 बजे से पहले नहीं आते है। क्षेत्र में झोलाछाप इस कदर हावी है कि एक्सरे मशीन तक लगा ली है।

    अमित वाजपेयी, अल्हागंज

    उत्तर : एक लिखित पत्र भिजवा दीजिए। जांच कराकर कार्रवाई कराई जाएगी।

    प्रश्न : सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की जर्जर दीवार गिर गई थी। हादसे में दो लोग घायल हुए थे। ऐसी घटनाएं रोकने के लिए क्या प्रयास किए जाएंगे।

    फुरकान अहमद कुरैशी

    उत्तर : इस संबंध में उच्चाधिकारियों से वार्ता की जाएगी। जर्जर बिल्डिग की मरम्मत जल्द कराई जाएगी। प्रश्न : कोरोना वैक्सीन क्या हर व्यक्ति को लगवाना जरूरी है।

    विपिन, अल्हागंज

    उत्तर : वैक्सीन हर व्यक्ति को लगेगी, जिसमे स्वास्थ्यकर्मी, पुलिसकर्मी को प्राथमिकता दी जा रही है।

    प्रश्न : ग्रामीण क्षेत्रों में झोलाछाप की भरमार है। इन पर क्या कार्रवाई की जा रही है।

    फकीरे लाल भोजवाल, शहबाजनगर

    उत्तर : हाल ही में कई झोलाछाप के खिलाफ कार्रवाई की जा चुकी है। अन्य को भी चिह्नित किया जा रहा है। प्रश्न : कोरोना से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग गांवों की ओर कोई ध्यान नहीं दे रहा है।

    रामप्रकाश, महुराइन

    उत्तर : गांवों में लगातार सैनिटाइजेशन से लेकर कैंप लगाकर जांच कराई गई। यह जारी रहेगा। प्रश्न : मेडिकल कॉलेज के पास क्लीनिक बिना रजिस्ट्रेशन चल रहा है। कई बार शिकायत के बाद भी कार्रवाई नहीं हुई।

    संजीव सिंह, रोजा

    उत्तर : लिखित शिकायत करें। उच्चाधिकारियों को अवगत कराकर कार्रवाई कराई जाएगी। प्रश्न : सदर क्षेत्र का बाहरी हिस्सा विकसित हो रहा है। लेकिन स्वास्थ्य सेवाएं नहीं मिल पा रहीं।

    जितेंद्र कुमार श्रीवास्तव, चिनौर

    उत्तर : जो मानक है उनके अनुसार सामुदायिक व प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र खुले हैं। जरूरत के हिसाब से आगे भी प्रस्ताव बनाकर भेजा जाएगा। प्रश्न : दूसरे राज्यों से आने वालों की कोरोना जांच कैसे कराई जाए।

    रनवीर सिंह, कांट

    प्रश्न : नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच करा लें। यदि कोई जांच कराने नहीं जाता है तो उसे जागरूक करें।