UP: 'फरेबी लड़की ने पति को फंसा लिया, मुझ पर ध्यान नहीं देते अब...', DM के सामने फफक-कर रो पड़ी महिला
संतकबीर नगर में एक महिला ने डीएम से शिकायत की कि अंबेडकरनगर की एक धोखेबाज महिला ने उसके पति को प्रेम जाल में फंसा लिया है। महिला ने पौली ब्लॉक के कर्मचारियों पर मिलीभगत का आरोप लगाते हुए परिवार रजिस्टर में धोखे से नाम दर्ज कराने की बात कही। डीएम ने एसडीएम को तीन दिन में जांच रिपोर्ट देने का आदेश दिया है।
दिलीप पाण्डेय, संतकबीर नगर। धनघटा थाना क्षेत्र के एक गांव की महिला मंगलवार को कलेक्ट्रेट में डीएम के पास पहुंची। उसने बहते आंसुओं के बीच कहा कि अंबेडकरनगर जनपद की एक फरेबी महिला ने उसके पति को अपने जाल में फंसा लिया है।
इसके चलते उसके पति उस पर व उनके तीन बच्चों पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। उस महिला ने पौली ब्लाक मुख्यालय के कर्मियों की मिलीभगत से परिवार रजिस्टर में पत्नी के रूप में अपना नाम भी दर्ज करवा लिया है।
इससे उसका व उसके बच्चों का भविष्य अंधकारमय हो गया है। उसकी बातों को सुनकर भावुक हुए डीएम ने धनघटा के एसडीएम से तीन दिन के अंदर जांच रिपोर्ट मांगी है।
धनघटा थाना के छपरामगर्वी(पटेहरवा पुरवा)निवासी 28 वर्षीय प्रमिला ने कहा कि उसके तीन बच्चे हैं। इसमें दो बेटी व एक बेटा शामिल हैं। इनका नाम परिवार रजिस्टर में दर्ज है। उसके पति ओम प्रकाश अंबेडकरनगर जनपद के आलापुर थाना के अछती गांव में ब्याही एक महिला के जाल में फंस गए हैं।
यह महिला अपने ससुराल को छोड़कर अंबेडकरनगर जनपद के जहांगीरगंज थाना के गोपलापुर गांव स्थित दीदी व जीजा के यहां रह-रही थी। उनके पति के बुआ का भी घर इसी गांव में है। इसके कारण उनके पति इस गांव में आते-जाते रहे। इस महिला ने उनके पति को अपने जाल में फंसा लिया।
उनके साथ फर्जी ढंग से शादी रचाकर उनको अपने वश में कर लिया। इसके चलते उनके पति उन्हें व उनके बच्चों पर ध्यान नहीं दे रहे हैं। इस महिला व उसके पति ने पौली ब्लाक मुख्यालय के कर्मचारियों से मिलीभगत कर परिवार रजिस्टर में पत्नी के रूप में इस महिला का नाम दर्ज करवा लिया है।
जबकि हिंदू मैरिज एक्ट के तहत पत्नी के रहते दूसरे पत्नी का नाम परिवार रजिस्टर में दर्ज होना संभव नहीं है। इस महिला ने प्रकरण की जांच करवाकर दोषी कर्मियों व इस महिला के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।
पीड़ित महिला की बातों को उन्होंने ध्यान से सुना है। उसकी समस्याएं दूर की जाएंगी। उन्होंने धनघटा के एसडीएम से तीन दिन के अंदर जांच रिपोर्ट मांगी है। इस रिपोर्ट के मिल जाने पर उसके आधार पर आगे नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही की जाएगी।
आलोक कुमार-डीएम
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।