विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

संत कबीर नगर में औद्योगिक विस्तार के लिए भूमि की तलाश तेज, सर्किल रेट से चार गुना तक अधिक मुआवजा

Published: Mon, 16 Nov 2026 11:24 PM (IST)

संत कबीर नगर में औद्योगिक इकाइयों के विस्तार हेतु 200 एकड़ भूमि की तलाश जारी है, क्योंकि हाईवे किनारे भू-स्वामी जमीन बेचने को तैयार नहीं हैं।

इंडस्ट्रियल एरिया-खलीलाबाद का मुख्य प्रवेश द्वार। जागरण

इंडस्ट्रियल एरिया-खलीलाबाद का मुख्य प्रवेश द्वार। जागरण

HighLights

  1. संत कबीर नगर में 200 एकड़ औद्योगिक भूमि की तलाश।

  2. यूपीसीडा ने भूमि अधिग्रहण हेतु एसडीएम से सहयोग मांगा।

  3. निजी भूमि पर मिलेगा सर्किल रेट से दोगुना-चौगुना मुआवजा।

दिलीप पाण्डेय, संतकबीरनगर। गोरखपुर-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मगहर से जिले की सीमा तक कई खाली प्लाट मिले लेकिन उसके स्वामी बेचने के लिए तैयार नहीं हैं। औद्योगिक इकाई स्थापित करने के लिए 200 एकड़ भूमि की जरूरत है। इतनी भूमि अधिग्रहित कर औद्योगिक क्षेत्र का सीमा विस्तार किया जाना है, जिससे विभिन्न उत्पाद यहां पर तैयार हो सके।

औद्योगिक गतिविधियों को बढ़ावा मिले। प्रस्तावित औद्योगिक इकाइयों में स्थानीय बेरोजगारों को रोजगार मिल सके। इस कार्य में भूमि की उपलब्धता एक बहुत बड़ी समस्या के रूप में उत्पन्न हो गयी है। बहरहाल उत्तर प्रदेश राज्य औद्योगिक विकास प्राधिकरण (यूपीसीडा) के अधिकारी भूमि की तलाश में जुटे हुए हैं।

तीनों एसडीएम के रिपोर्ट का इंतजार कर रहा यूपीसीडा

यूपीसीडा के अधिकारी पत्र जारी कर जनपद के खलीलाबाद, मेंहदावल व धनघटा तीनों तहसील के एसडीएम से 200 एकड़ भूमि उपलब्ध कराने में सहयोग मांगा है। तीन दिन पूर्व खलीलाबाद तहसील क्षेत्र के चकदही में भूमि देखी लेकिन उसका क्षेत्रफल कम है,वह औद्योगिक इकाई स्थापित करने के लिए उपयुक्त नहीं है।

विभाग तीनों एसडीएम की रिपोर्ट आने का इंतजार कर रहा है। रिपोर्ट मिलने पर विभागीय अधिकारी संबंधित स्थानों पर जाकर रास्ता,बिजली के पोल सहित अन्य सुविधाओं की स्थिति की जांच करेंगे। भूमि उपयुक्त मिलने पर संबंधित भू-स्वामी से वार्ता करेंगे।

शहरी में सर्किल रेट से दोगुना

यूपीसीडा (UPSIDA) को सरकारी भूमि मिलने पर उसका कोई मुआवजा नहीं देना होगा, वह उसे मुफ्त में मिल जाएगी। वहीं इसके न मिलने पर दूसरे की भूमि खरीदने पर उसे मुआवजा देना होगा। शहरी क्षेत्र में सर्किल रेट से दोगुना और ग्रामीण क्षेत्र में सर्किल रेट से चार गुना मुआवजा मिल सकता है। चिह्नित स्वामी को मुआवजा देने के बाद उनके भूमि की अधिग्रहण की कार्यवाही शुरू होगी।

इंडस्ट्रियल एरिया में चल रही 226 औद्योगिक इकाइयां

वर्ष 1980 में इंडस्ट्रियल एरिया-खलीलाबाद में यूपीसीडा का कार्यालय स्थापित हुआ। यहां पर इसकी कुल 231.34 एकड़ भूमि है। वर्ष 1983 से इस इंडस्ट्रियल एरिया में उद्योग लगाने के लिए प्लाट दिया जाने लगा। इसमें से 149.66 एकड़ में 363 औद्योगिक इकाइयों की स्थापना होनी थीं।

फिलहाल, यहां पर 226 औद्योगिक इकाइयां चल रही हैं। इसमें फ्लोर मिल,राइस मिल,फूड प्रोडक्ट,फारमल डीहाइड,केमिकल एडं थर्मों प्रोडक्ट,रेडिमेड गारमेंट,स्पीपींग यार्न सहित अन्य उत्पाद बनाए जाते हैं। जबकि 2.93 एकड़ में सात औद्योगिक इकाइयां निर्माणाधीन हैं।

हाईवे के किनारे भूमि न मिलने पर जनपद के तीन तहसीलों में 200 एकड़ भूमि खोजी जा रही है। इसके लिए तीनों एसडीएम का सहयोग लिया जा रहा है। भूमि मिलने पर मुआवजा,अधिग्रहण सहित अन्य कार्यवाही शुरू होगी।

-धर्म चंद्र, क्षेत्रीय प्रबंधक, यूपीसीडा।

यह भी पढ़ें- यूपीसीडा भर्ती घोटाला: 90 पदों के लिए मांगे आवेदन, 108 को दे दी फर्जी प्रमाण पत्रों पर नौकरी

यह भी पढ़ें- 1141 एकड़ ट्रांसगंगा सिटी में बड़ा बदलाव, 140 एकड़ में गोल्फ कोर्स और क्लब, 900 करोड़ के पुलों से कनेक्टिविटी होगी आसान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।