Sant Kabir Nagar Flood Update: सरयू नदी का जलस्तर दूसरे दिन भी स्थिर, खतरे के निशान से मात्र 10 सेमी. बह रही नीचे
संत कबीर नगर के धनघटा तहसील क्षेत्र में सरयू नदी का जलस्तर स्थिर है पर कटान जारी है जिससे ग्रामीण चिंतित हैं। नदी खतरे के निशान से नीचे बह रही है लेकिन जलस्तर बढ़ने और कटान जारी रहने का डर बना हुआ है। बाढ़ आने से दिनचर्या प्रभावित होने और फसल बर्बाद होने की चिंता ग्रामीणों को सता रही है।

जागरण संवाददाता,पौली। धनघटा तहसील क्षेत्र में सरयू नदी का जलस्तर लगातार दूसरे दिन यानी गुरुवार को भी स्थिर रहा। यह नदी खतरा नदी से 10 सेमी नीचे बह रही है। वहीं यह नदी कुछ स्थानों पर कटान भी कर रही है। निकटवर्ती गांवों के लोगों का कहना है कि सरयू के रुख को लेकर वे लोग चिंतित हैं। यदि अचानक उसका जलस्तर बढ़ा तो यह खतरा निशान को पार कर जाएगी। इससे बाढ़ की नौबत आ जाएगी। वहीं यदि कटान लगातार जारी रहा तो भी तबाही मच सकती है।
धनघटा तहसील क्षेत्र के पूर्वी इलाके में सियरकला,ढोलबजा,गुणवतिया,गायघाट,कंचनपुर,आगापुर गुलरिहा सहित अन्य गांवों के लोग सरयू के रुख को लेकर चिंतित हैं। तेजपुर गांव निवासी रामसदल ने बताया कि बाढ़ आ जाने पर हम लोगों की दिनचर्या काफी प्रभावित हो जाती है।
इसमें खेतों तक पहुंचना और पशुओं के चारे की व्यवस्था करना बहुत मुश्किल हो जाता है। वैसे इस बार धान की फसल को बहुत अधिक नुकसान नहीं पहुंचा है। क्योंकि तीन-चार दिन बढ़ाव के बाद इसका जलस्तर घट जा रहा है। कभी लगातार स्थिर हो जा रहा है।
इसी गांव के मनोज निषाद ने कहा कि नदी के किनारे गांव होने के कारण चिंता बनी रहती है। परिवार के लोग इस नदी के जलस्तर को लेकर भयभीत रहते हैं। जलस्तर घटने पर राहत मिलती है। वहीं बढ़ने पर फसल व घर की बर्बादी की चिंता सताने लगती है। बाढ़ के पानी से गांवों के घिरने पर घर से बाहर निकलना मुश्किल हो जाता है। उनकी दिनचर्या को काफी प्रभावित कर देता है। बहरहाल नदी के स्थिर होने के बाद भी तेजपुर,ढ़ोलबजा सहित अन्य स्थानों पर कटान हो रही है।
जिले में यह है नदियों के जलस्तर की स्थिति
नदी का नाम | खतरे का निशान(मीटर) | नदी का जलस्तर(मीटर) |
सरयू नदी | 79.40 | 79.30 |
राप्ती नदी | 79.50 | 76.10 |
कुआनो | 78.65 | 75.20 |
सरयू नदी का जलस्तर लगातार दूसरे दिन भी स्थिर है। खतरे के निशान से नीचे यह नदी बह रही है। तहसील व ड्रेनेज खंड के कर्मी भ्रमण कर स्थिति का जायजा ले रहे हैं।
-जय प्रकाश
एडीएम वित्त एवं राजस्व।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।