विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

संतकबीर नगर में सेब की आड़ में शराब तस्करी, डीसीएम से 15 लाख की 220 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद

Published: Sun, 18 Oct 2026 08:51 AM (IST)

पुलिस ने संतकबीरनगर में सेब की पेटियों के बीच छिपाकर ले जाई जा रही 15 लाख रुपये की अंग्रेजी शराब ...और पढ़ें

हरियाणा से बिहार व सिलीगुड़ी ले जाई जा रही थी खेप, चालक समेत दो गिरफ्तार। जागरण

हरियाणा से बिहार व सिलीगुड़ी ले जाई जा रही थी खेप, चालक समेत दो गिरफ्तार। जागरण

HighLights

  1. संतकबीरनगर में सेब की पेटियों में शराब तस्करी का भंडाफोड़।

  2. डीसीएम से 15 लाख रुपये की 220 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद।

  3. पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर जांच शुरू की।

जागरण संवाददाता, संतकबीरनगर। सेब की पेटियों के बीच छिपाकर ले जाई जा रही अंग्रेजी शराब की बड़ी खेप का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। कोतवाली खलीलाबाद पुलिस और एसओजी की संयुक्त टीम ने शनिवार को मगहर हाईवे पर डीघा बाईपास के पास अंजान शहीद बाबा की मजार के निकट चेकिंग के दौरान एक डीसीएम से 220 पेटी अंग्रेजी शराब बरामद की।

बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 15 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने चालक समेत दो आरोपितों को गिरफ्तार कर डीसीएम कब्जे में ले लिया। शराब हरियाणा से बिहार होते हुए सिलीगुड़ी ले जाई जा रही थी। पुलिस अब तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश कर रही है।

पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने मगहर चौकी पर बताया कि कोतवाली प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश दुबे और एसओजी प्रभारी उपनिरीक्षक रजनीश राय की संयुक्त टीम को अवैध शराब की तस्करी की सूचना मिली थी। इसके बाद डीघा बाईपास के पास वाहनों की जांच शुरू की गई।

इसी दौरान जौनपुर जिले का नंबर प्लेट लगा संदिग्ध डीसीएम रोककर तलाशी ली गई तो सेब की पेटियों के बीच शराब छिपाकर रखी मिली। डीसीएम से 220 पेटियों में कुल 4,608 बोतल अंग्रेजी शराब बरामद हुई, जिसकी मात्रा करीब 1,965 लीटर बताई गई है।

इसके अलावा 115 पेटी सेब, दो मोबाइल फोन और 800 रुपये नकद मिले। गिरफ्तार आरोपितों की पहचान अलीगढ़ जिले के गंगीरी थाना क्षेत्र के कसेरी मिलट रामनगर निवासी चालक आकाश कुमार जाटव और बिहार के सिवान जिले के दरौली थाना क्षेत्र के नुनिया टोला हारना टार निवासी अनुप चौहान के रूप में हुई है।

ढाबे पर हुई मुलाकात, मोबाइल से मिल रहे थे निर्देश
पूछताछ में गिरफ्तार आकाश ने बताया कि 13 अक्टूबर को उसके मोबाइल पर एक व्यक्ति ने फोन कर खुद को यादव जी बताया था। उसने हरियाणा से सेब और शराब लदी डीसीएम बिहार और सिलीगुड़ी पहुंचाने के बदले 21 हजार रुपये किराया देने की बात कही थी। 14 अक्टूबर को हरियाणा के शाहाबाद में उसे रास्ते के खर्च के लिए पांच हजार रुपये दिए गए।

यह भी पढ़ें- संतकबीर नगर में मासूम की मौत पर परिजनों का आक्रोश, मुआवजे की मांग को लेकर किया सड़क जाम

15 अक्टूबर को पीलीभीत के पास फोन पर मिले निर्देश के बाद उसने डीसीएम एक लाइन ढाबे पर खड़ी की, जहां अनुप चौहान मिला। इसके बाद दोनों सिलीगुड़ी के लिए रवाना हुए। वही अनुप ने पुलिस को बताया कि देवरिया जिले के बुलेट यादव ने उसे फोन कर डीसीएम पहुंचाने के बदले 18 हजार रुपये देने का वादा किया था। उसने तीन हजार रुपये आनलाइन मंगवाए और ट्रेन से लखनऊ पहुंचने के बाद बस से पीलीभीत गया था।

पुलिस दोनों आरोपितों के विरुद्ध आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज कर चुकी है। पूछताछ में सामने आए यादव जी और बुलेट यादव की पहचान तथा शराब की खेप भेजने वालों की भूमिका की जांच की जा रही है। एसपी ने कार्रवाई करने वाली टीम को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

यह भी पढ़ें- संतकबीर नगर में मौलाना शमसुल हुदा के आवास पहुंची ED, नोटिस लेने से इनकार