संतकबीर नगर में मासूम की मौत पर परिजनों का आक्रोश, मुआवजे की मांग को लेकर किया सड़क जाम
मेंहदावल में बस की चपेट में आने से पांच वर्षीय मासूम की मौत के बाद परिजनों ने शव रखकर सड़क ...और पढ़ें

रोते बिलखत परिजन। जागरण
HighLights
बस की चपेट में आने से मासूम की मौत।
परिजनों ने शव रखकर सड़क जाम किया।
मुआवजे और सरकारी नौकरी की मांग पर अड़े।
जागरण संवाददाता, मेंहदावल। रोडवेज की अनुबंधित बस की चपेट में आने से पांच वर्षीय मासूम की मौत के बाद शनिवार को स्वजन का आक्रोश फूट पड़ा। पोस्टमार्टम के बाद शव मिलते ही वह उसे लेकर बस स्टेशन गेट के सामने पहुंचे और मेंहदावल-खलीलाबाद मार्ग पर पहुंच गए और सड़क पर शव रखकर जाम लगा दिया।
स्वजन मृतक के परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी, 20 लाख रुपये मुआवजा, जमीन का पट्टा और प्रधानमंत्री आवास दिलाने की मांग पर अड़ गए। अधिकारियों के लिखित आश्वासन के बाद करीब 35 मिनट तक चला जाम समाप्त हुआ।
नगर पंचायत मेंहदावल के ठाकुरद्वारा मोहल्ला निवासी राजदेव के पांच वर्षीय पुत्र दिव्यांशु उर्फ झीनक की शुक्रवार को बस की चपेट में आने से मौत हो गई थी। शनिवार को पोस्टमार्टम के बाद जब स्वजनों को मासूम का शव मिला तो उनका गुस्सा फूट पड़ा।
स्वजनों का आरोप था कि गरीब परिवार के बच्चे की मौत के बाद प्रशासन ने उनकी सुध नहीं ली। इसी से नाराज होकर उन्होंने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। स्वजन अपनी चार मांगों को पूरा करने की मांग पर अड़े रहे।
मौके पर पहुंचे अधिकारी, दिया आश्वासन
सड़क जाम की सूचना मिलते ही प्रशासन में खलबली मच गई। अपर जिलाधिकारी सत्य प्रकाश, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह, सीओ मेंहदावल सर्वदमन सिंह, प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह और इंस्पेक्टर सतीश कुमार सिंह पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने स्वजनों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया, लेकिन वे लिखित आश्वासन देने की मांग पर अड़े रहे।
बाद में प्रभारी एसडीएम मेंहदावल सुधीर कुमार मौके पर पहुंचे। स्वजनों ने उन्हें अपनी मांगों से संबंधित लिखित पत्र सौंपा। एसडीएम ने नियमानुसार मुआवजा, आवास और अन्य सरकारी सुविधाएं दिलाने का भरोसा दिया। इसके बाद स्वजन जाम समाप्त करने पर राजी हुए और मासूम के अंतिम संस्कार के लिए रवाना हो गए।
यह भी पढ़ें- संतकबीर नगर में मौलाना शमसुल हुदा के आवास पहुंची ED, नोटिस लेने से इनकार
बस की चपेट में आने से हुई थी मौत
उल्लेखनीय है कि शुक्रवार दोपहर करीब दो बजे मेंहदावल रोडवेज बस स्टेशन परिसर में गोरखपुर डिपो की अनुबंधित बस की चपेट में आने से दिव्यांशु की मौत हो गई थी। हादसे के बाद चालक बस छोड़कर फरार हो गया था। पुलिस ने अज्ञात चालक के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया है। शनिवार दोपहर 3:25 बजे से शाम चार बजे तक चले जाम के कारण मेंहदावल-नंदौर मार्ग पर आवागमन बाधित रहा। अधिकारियों के समझाने और आश्वासन के बाद जाम खुलने से राहगीरों ने राहत की सांस ली।
