गीडा की कंपनी संतकबीरनगर और गोपालगंज में लगाएगी नई फैक्ट्रियां, छह महीने में उत्पादन शुरू करने की तैयारी
गीडा स्थित डैक फर्नीचर संतकबीरनगर और गोपालगंज में कुल 127 करोड़ रुपये के निवेश से दो नई फैक्ट्रियां स्थापित कर रहा है। इससे कंपनी की उत्पादन क्षमता बढ़ेगी।

इस फोटो को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
संतकबीरनगर और गोपालगंज में 127 करोड़ रुपये का निवेश।
संतकबीरनगर में छह माह में उत्पादन, बिहार तक पहुंच।
शेयर बाजार से 300 करोड़ जुटाने और निर्यात बढ़ाने की योजना।
जागरण संवाददाता, गोरखपुर। गीडा में स्थापित डैक फर्नीचर अब उत्तर प्रदेश से बिहार तक अपने कारोबार का विस्तार करने जा रहा है। कंपनी संतकबीरनगर (खलीलाबाद इंडस्ट्रियल एरिया) और बिहार के गोपालगंज में दो नई फैक्ट्रियां स्थापित करने के लिए कुल 127 करोड़ रुपये का निवेश कर रही है। संतकबीरनगर में 62 करोड़ रुपये और गोपालगंज में करीब 65 करोड़ रुपये की लागत से उत्पादन इकाइयां तैयार होंगी।
संतकबीरनगर में छह महीने के भीतर उत्पादन शुरू करने की तैयारी है, जबकि गोपालगंज में फैक्ट्री का सिविल कार्य शुरू हो चुका है। दोनों इकाइयों के स्थापित होने से कंपनी की उत्पादन क्षमता बढ़ने के साथ बिहार और पूर्वांचल के बाजारों तक पहुंच आसान होगी।
गीडा में वर्ष 2018 में 42 करोड़ रुपये के निवेश से शुरू हुई डैक फर्नीचर की पहली फैक्ट्री ने आठ साल में कारोबार का दायरा बढ़ाया है। कंपनी अब उत्तर प्रदेश, बिहार, बंगाल और झारखंड के साथ नेपाल में भी फ्रैंचाइजी नेटवर्क के माध्यम से कारोबार कर रही है। विदेशों में भी कंपनी के उत्पादों की मांग है।
संतकबीरनगर में दो लाख वर्ग फीट में बनेगी फैक्ट्री
कंपनी संतकबीरनगर के औद्योगिक क्षेत्र में दो लाख वर्ग फीट क्षेत्रफल में नई उत्पादन इकाई स्थापित कर रही है। इस परियोजना पर 62 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। कंपनी की योजना छह महीने के भीतर यहां उत्पादन शुरू करने की है।
नई फैक्ट्री से फर्नीचर निर्माण की क्षमता बढ़ेगी और बाजार की मांग के अनुरूप आपूर्ति करने में सहूलियत मिलेगी। स्थानीय स्तर पर औद्योगिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
गोपालगंज में पांच एकड़ भूमि पर शुरू हुआ काम
बिहार में कारोबार बढ़ाने के लिए कंपनी ने गोपालगंज में बिहार औद्योगिक क्षेत्र विकास प्राधिकरण (बियाडा) से पांच एकड़ भूमि आवंटित कराई है। यहां करीब 65 करोड़ रुपये के निवेश से फैक्ट्री स्थापित की जाएगी।
परियोजना का सिविल कार्य शुरू हो चुका है। इस इकाई के जरिए बिहार के बाजार में कंपनी की पहुंच और मजबूत होगी। साथ ही उत्तर प्रदेश और बिहार में उत्पादन तथा वितरण के नेटवर्क को विस्तार मिलेगा।
विदेशों में भी पहुंच, सालाना 25 करोड़ तक निर्यात
डैक फर्नीचर के प्रबंध निदेशक डा. आरिफ साबिर ने बताया कि कंपनी की नेपाल में चार और उत्तर प्रदेश, बिहार, बंगाल तथा झारखंड में 128 फ्रैंचाइजी हैं। आस्ट्रेलिया और सऊदी अरब समेत अन्य देशों में भी फर्नीचर का निर्यात किया जाता है।
कंपनी हर साल 20 से 25 करोड़ रुपये मूल्य के फर्नीचर का निर्यात कर रही है। नई फैक्ट्रियों के माध्यम से कंपनी घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजार में अपनी उपस्थिति बढ़ाने की दिशा में आगे बढ़ रही है।
शेयर बाजार से 300 करोड़ रुपये जुटाने का लक्ष्य
डैक फर्नीचर शेयर बाजार में सूचीबद्ध होकर 300 करोड़ रुपये से अधिक की पूंजी जुटाने की तैयारी कर रही है। कंपनी ने इसके लिए परामर्शदाता तय कर लिया है और कागजी औपचारिकताएं पूरी की जा रही हैं।
एमएसएमई मंच पर सूचीबद्ध होने से छोटे और मध्यम उद्यमों को पूंजी जुटाने का अवसर मिलता है। इसमें निवेशकों की न्यूनतम संख्या और आवेदन की शर्तें संबंधित एक्सचेंज के नियमों के अनुसार होती हैं। गीडा की क्रेजी स्नैक्स पहले ही शेयर बाजार में सूचीबद्ध हो चुकी है। डैक फर्नीचर की लिस्टिंग से विस्तार योजनाओं को गति मिलने की उम्मीद है।
