Back Image

Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck

    निषाद पार्टी ने अनिल त्रिपाठी को नेता विधानमंडल के पद से हटाया, सियासी हलचल तेज; आखिर क्या है वजह?

    Updated: Sun, 05 Jan 2025 09:22 PM (IST)

    निषाद पार्टी ने मेंहदावल के विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी को नेता विधानमंडल के पद से हटा दिया है जिससे राजनीतिक चर्चाओं का माहौल गर्म है। 2022 में निषाद पार्टी के टिकट पर विजयी हुए त्रिपाठी का पद से हटाया जाना लोकसभा चुनाव में प्रवीण निषाद की हार से जोड़ा जा रहा है। हालांकि पार्टी ने इसे संगठन मजबूत करने का कदम बताया।

    Hero Image
    मेंहदावल के विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी। फाइल फोटो

    जागरण संवाददाता, संतकबीर नगर। निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय निषाद ने विधानसभा में नेता विधानमंडल के पद पर कार्यरत मेंहदावल के विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी को उनके पद से हटा दिया है। निषाद पार्टी के द्वारा उठाए गए इस कदम के बाद जनपद के राजनीतिक गलियारों में सियासी चर्चा तेज हो गई। लोग इस घटनाक्रम को तरह-तरह से जोड़कर देख रहे हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    2022 के विधानसभा चुनाव में निषाद पार्टी ने अनिल कुमार त्रिपाठी को मेंहदावल विधानसभा सीट से प्रत्याशी बनाया था। उन्होंने समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी जयराम पांडेय को करीब पांच हजार के अंतर से चुनाव हराया था। विधायक बनने के बाद निषाद पार्टी ने उनके कद को बढ़ाते हुए उन्हें सदन में नेता विधानमंडल के पद पर तैनात किया था। जिसके बाद से वह अपनी सेवाएं दे रहे थे।

    अचानक से हुए घटनाक्रम में पार्टी ने उन्हें पद से हटाया है। जौनपुर जनपद के शाहगंज विधानसभा क्षेत्र से विधायक रमेश प्रताप सिंह को नए नेता विधानमंडल के पद पर तैनात किए जाने की चर्चा है। अनिल कुमार त्रिपाठी मेंहदावल विधानसभा से निर्दल, पीस पार्टी व बसपा के प्रत्याशी रह चुके हैं। तीनों बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा था।

    पद से हटाने के पीछे क्या कारण? 

    गत 2022 में भाजपा का निषाद पार्टी से गठबंधन होने के कारण सीट निषाद पार्टी के हिस्से में आई थी। निषाद पार्टी के टिकट पर अनिल त्रिपाठी विधानसभा पहुंचे थे। विधायक बनने के बाद सीधे नेता विधानमंडल के पद पर तैनात किए जाने के बाद उनका कद बढ़ गया था। उनके पद से हटाने के पीछे लोग लोकसभा चुनाव में भाजपा प्रत्याशी प्रवीण निषाद की हार से जोड़कर देख रहे हैं।

    लोगों में दबी जुबान से चर्चा है कि निषाद पार्टी को प्रवीण निषाद की हार पच नहीं रही है। फिलहाल उन्हें नेता विधानमंडल दल के पद से क्यों हटाया गया, इसकी आधिकारिक जानकारी नहीं हो पाई है। कोट- पार्टी को मजबूत करने के लिए समय-समय पर फेरबदल किए जाते हैं। अनिल त्रिपाठी पार्टी की मजबूती के लिए काम कर रहे हैं। विरोधियों को हर चीज में राजनीति दिखती है। संजय निषाद, राष्ट्रीय अध्यक्ष, निषाद पार्टी।

    हमें अभी इस प्रकार की कोई जानकारी नहीं है। विधानसभा से भी हमें कोई जानकारी नहीं दी गई है। अभी इसके बारे में मैं कुछ नहीं कह सकता। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष से मिलने के बाद ही कोई प्रतिक्रिया दूंगा। - अनिल कुमार त्रिपाठी, विधायक, मेंहदावल।