फंदे से लटका मिला विवाहिता का शव, पुलिस ने दर्ज किया दहेज हत्या का मुकदमा
संतकबीर नगर के जबजई गांव में 21 वर्षीय विवाहिता का शव फंदे से लटका मिला। मायके वालों ने दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि ससुराल वाले बुलेट मोटरसाइकिल की मांग कर रहे थे और दहेज के लिए प्रताड़ित करते थे। पुलिस ने पति सास ससुर जेठ जेठानी व ननद के खिलाफ दहेज हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है।

जागरण संवाददाता, बढ़या (संतकबीर नगर)। मिश्रौलिया थानांतर्गत ग्राम जबजई में एक 21 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थिति में मृत्यु हो गई। उसका शव घर के अंदर फंदे से लटका मिला। मायके वालों ने ससुराल वालों पर दहेज देने के बाद भी और दहेज देने हेतु दबाव डालने तथा बुलट मोटर साइकिल की मांग करने का आरोप लगाया है। थाने में दी गई तहरीर में कहा गया कि दहेज की इस मांग के लिए विवाहिता को मारने-पीटने के साथ उसकी हत्या कर शव को फंदे पर लटका दिया गया है। पुलिस ने तहरीर तहरीर के आधार पर पति, सास, ससुर, जेठ, जेठानी व ननद के विरुद्ध दहेज हत्या का मुकदमा पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।
गोल्हौरा थानांतर्गत ग्राम पचमोहनी निवासी काजल पुत्री संतोष कुमार का विवाह वर्ष 2022 में ग्राम जबजई निवासी अनिल दुबे पुत्र परमात्मा प्रसाद दुबे के साथ हुआ था। बीती रात किसी समय विवाहिता की मृत्यु हो गई। सोमवार को भोर में उसका दरवाजा नहीं खुला तो घर वालों ने धक्का देकर खोला तो देखा कि साड़ी का फंदा गले में बंधा है और शव छत की कुंडी से लटका है। सूचना पर मायके वाले पहुंच गए। थानाध्यक्ष नारायण लाल श्रीवास्तव, पुलिस क्षेत्राधिकारी शुभेंदु सिंह सहित पुलिस फोर्स पहुंच गई।
मायके की तरफ से जनार्दन पाण्डेय ने तहरीर देते हुए बताया कि उनकी नातिन काजल को विवाह के समय क्षमता से बढ़कर दान-दहेज दिया गया। 80 हजार बाइक की कीमत, 1.15 तिलक के अलावा फ्रिज, कूलर, वाशिंग मशीन, अलमारी, बेड सहित अन्य सामान दिए गए।
कुछ दिन तक सब ठीक रहा, मगर इसके बाद उनकी नातिन को पति, सास, ससुरा, जेठ, जेठानी व ननदें द्वारा प्रताड़ित किया जाने लगा। बार-बार बुलट बाइक की मांग होने लगी। एक माह पूर्व मारा-पीटा, जिसके बाद नातिन को घर ले आए। एक सप्ताह पहले परमात्मा दुबे घर आए और कहा कि भागवत कथा चल रही है, भेज दो। मेरे नाती ने उसको ले जाकर ससुराल पहुंचाया। लेकिन दहेज लोभियों ने रात में उसकी हत्या करके उसका शव फंदे से लटका दिया।
तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति अनिल दुबे सहित, परमात्मा दुबे, सास, जेठ, जेठानी व ननदें के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत किया गया। थानाध्यक्ष ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच की जा रही है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।