गोरखपुर-लखनऊ हाईवे पर दर्दनाक हादसा, ट्रक ने टेंपो को मारी टक्कर; 11 घायल
गोरखपुर-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर मीरगंज के पास एक तेज़ रफ़्तार ट्रक ने सवारियों से भरे टेंपो को टक्कर मार दी जिससे एक ही परिवार के 11 लोग घायल हो गए। घायलों में बच्चे महिलाएं और बुजुर्ग शामिल हैं। ये सभी समय माता मंदिर पर मुंडन कार्यक्रम में जा रहे थे। टक्कर इतनी ज़ोरदार थी कि टेंपो पलट गया और सभी लोग उसके नीचे दब गए।
जागरण संवाददाता, कांटे। गोरखपुर-लखनऊ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शनिवार पूर्वाह्न करीब 11 बजे कोतवाली थाना क्षेत्र के मीरगंज गांव के पास बड़ा हादसा हो गया। एक तेज रफ्तार ट्रक ने सवारियों से भरे टेंपो को जोरदार टक्कर मार दी।
टेंपो में सवार एक ही परिवार के 11 लोग घायल हो गए। घायलों में बच्चे, महिलाएं और बुजुर्ग शामिल हैं। इनमें एक बुजुर्ग की हालत गंभीर बताई जा रही है।
कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के अशरफपुर निवासी अमरजीत अपने परिवार के साथ समय माता मंदिर पर मुंडन कार्यक्रम में जा रहे थे। वे कुर्थियां गांव के एक व्यक्ति के टेंपो से यात्रा कर रहे थे।
मीरगंज और भुवारिया के बीच अचानक तेज रफ्तार ट्रक ने टेंपो को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि टेंपो पलट गया और सभी लोग उसके नीचे दब गए।
स्थानीय लोगों ने मौके पर पहुंचकर टेंपो को सीधा किया और घायलों को बाहर निकाला। एंबुलेंस की मदद से सभी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। घायलों में अशरफपुर निवासी दयाराम (70) की हालत नाजुक बताई जा रही है।
घायल होने वालों में अमरजीत, दयाराम, संगीता, भगवानी देवी, रामछैल, निर्मला देवी, बच्चे अमन, चंदन, अनुष्का, निखिल और रवि शामिल हैं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।