संतकबीरनगर में नकली डीएपी का भंडाफोड़, दो गोदाम सील व लाइसेंस निलंबित
संतकबीरनगर में असली डीएपी के नाम पर नकली खाद बेचने का बड़ा खेल उजागर हुआ है। किसानों की शिकायत पर ...और पढ़ें

डीसीएफ केंद्र का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित,दो गोदाम सील किए। जागरण
HighLights
नकली डीएपी बेचने के आरोप में डीसीएफ केंद्र निलंबित।
दो गोदाम सील, बिना लाइसेंस बीज विक्रेता पर भी कार्रवाई।
किसानों की शिकायत पर जांच में सामने आया अवैध कारोबार।
दिलीप पाण्डेय, संतकबीरनगर। जिले में असली के नाम पर नकली डीएपी बेचने का खेल उजागर हो गया है। इस मामले में हैंसर बाजार ब्लाक के संठी चौराहा स्थित एक डीसीएफ केंद्र का लाइसेंस निलंबित कर उसके गोदाम को सील करते हुए नोटिस जारी किया गया है।
वहीं इसी स्थान पर बिना वैध लाइसेंस के बीज दुकान चलाते मिले एक विक्रेता का भी गोदाम सील कर उन्हें भी नोटिस जारी किया गया है। डीएम के समक्ष प्रकरण रखकर इन पर जल्द मुकदमा दर्ज कराया जाएगा। किसानों की शिकायत पर यह अवैध खेल सामने आया है।
हैंसर बाजार ब्लाक के सोनडीहा गांव निवासी हरिश्चंद्र पुत्र स्वर्गीय गब्बूलाल के अलावा अन्य गांवों के कुछ किसानों ने गत रविवार को शाम के समय एसडीएम-धनघटा वीरेंद्र गुप्ता व गत सोमवार को जिला कृषि अधिकारी डा.सर्वेश यादव से दूरभाष पर शिकायत की थी। इन्होंने बताया कि संठी चौराहा स्थित डीसीएफ केंद्र के प्रभारी तथा इसी स्थान पर चर्तुभुज मौर्य उर्फ डिंपल व उनके भाई विपिन मौर्य हमें इफ्काे कंपनी की डीएपी बैग में नकली खाद भरकर बिना रसीद के अधिक कीमत पर बेचे हैं।
इनकी शिकायत पर जिला कृषि अधिकारी ने हैंसर बाजार ब्लाक के वरिष्ठ प्राविधिक सहायक फिरतूराम को तुरंत मौके पर जाकर जांच करने के निर्देश दिए। संबंधित किसानों द्वारा खरीदे गए डीएपी के दानों को चूने के साथ रगड़ा। इस पर अमोनिया जैसी गंध नहीं आ रही थी। दाने आसानी से टूटकर भुरभुरे हो जा रहे थे।
प्रारंभिक जांच में किसानों द्वारा किए गए नकली डीएपी की शिकायत सही प्रतीत हुई। इसके बाद जिला कृषि अधिकारी हैंसर बाजार ब्लाक के सोनडीहा गांव निवासी किसान हरिश्चंद्र पुत्र स्वर्गीय गब्बूलाल के घर पर पहुंचे। उनके द्वारा खरीदे गए डीएपी का नमूना लिया। इसे जांच के लिए राजकीय प्रयोगशाला में भेजवाया। इसके साथ ही संठी बाजार स्थित डीसीएफ केंद्र के प्रभारी धरणीधर शुक्ल का मकान व गोदाम बंद मिला।
रोशनदान से देखने पर बंद गोदाम के अंदर पांच-छह बोरी यूरिया दिखी। गोदाम के पीछे टीनशेड परिसर में तिरपाल से ढकी दानेदार जिप्सम की 20 बोरी,पोटास व दानेदार यूरिया के सात खाली बैग मिले। इसे जब्त कर किसान कल्याण केंद्र-धनधटा में रखवा दिया। इससे प्रतीत हुआ कि नकली खाद की पैकिंग हो रही है। पोर्टल की जांच में डीसीएफ- संठी के आनलाइन स्टाक में यूरिया-22.05 टन,सिंगल सुपर फास्फेट(एसएसपी)-5.65 टन व एमओपी-0.45 टन स्टाक मिला।
यह भी पढ़ें- संतकबीर नगर में डूब रही अन्नदाताओं की उम्मीदें, नहीं करा पा रहे धान कटाई
वहीं गोदाम में केवल पांच-छह बोरी यूरिया के अलावा कोई खाद नहीं मिला। नकली खाद बेचने,कालाबाजारी किया जाना प्रतीत हुआ। इनके गोदाम को सील करते हुए इस बिक्री केंद्र का लाइसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। केंद्र प्रभारी को कारण बताओ नोटिस जारी की। इसके बाद संठी चौराहा स्थित चर्तुभुज मौर्य उर्फ डिंपल की निजी दुकान पर पहुंचे।
इनका बीज बेचने के लाइसेंस की अवधि 19 सितंबर 2023 तक वैध था। ये बिना वैध लाइसेंस के अवैध ढंग से बिक्री कर रहे थे। इनके गोदाम को भी सील कर इन्हें कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि यह प्रकरण डीएम के समक्ष रखकर इनके खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।