अखिलेश के अयोध्या दौरे पर ब्रजेश पाठक का तीखा हमला, बोले- 'सपा के लोग बहुरूपिये, अब जागी सनातन आस्था'
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर सपा को बहुरूपिया और तुष्टीकरण की राजनीति करने वाला बताया। ...और पढ़ें

उपमुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक। जागरण
HighLights
पाठक ने सपा को बहुरूपिया और तुष्टीकरण की राजनीति करने वाला बताया।
अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर ब्रजेश पाठक ने साधा निशाना।
कांग्रेस और आपातकाल पर भी ब्रजेश पाठक ने की टिप्पणी।
जागरण संवाददाता, संतकबीरनगर। अयोध्या में बुधवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के गुरुवार को प्रस्तावित दौरे को लेकर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री व स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सपा के लोग बहुरूपिये हैं और तुष्टीकरण की राजनीति करते हैं। अब कम से कम भगवान ने उन्हें अयोध्या आने की सद्बुद्धि दी है। उनके हृदय में सनातन धर्म के प्रति आस्था जागी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा के शासनकाल में बड़ी संख्या में लोगों की जान गई और पूरी धरती खून से लाल हुई थी। अब वही लोग अयोध्या धाम को और सुंदर बनाने की बात कर रहे हैं।
बुधवार को जिला अस्पताल में स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा बैठक के बाद पत्रकारों से बातचीत में उपमुख्यमंत्री ने कहा कि सपा के लोगों पर 'सौ-सौ चूहे खाकर बिल्ली हज को चली' वाली कहावत सटीक बैठती है। उन्होंने आरोप लगाया कि सपा के शासनकाल में निहत्थे लोगों पर गोलियां चलवाई गईं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि ये लोग कभी जालीदार टोपी पहनते हैं तो कभी रोजा इफ्तार में शामिल होते हैं।
कांग्रेस पर हमला बोलते हुए ब्रजेश पाठक ने सोनिया गांधी की पुस्तक का जिक्र किया। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस आपातकाल और बोफोर्स प्रकरण जैसे मुद्दों से ध्यान भटकाने के लिए दस्तावेजों के माध्यम से भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है। उनका दावा था कि संबंधित पुस्तक भारत में नहीं, बल्कि विदेश में लिखी गई है। उन्होंने कहा कि आपातकाल के दौरान लोगों पर अत्याचार किए गए और अब कांग्रेस अपने बचाव में तरह-तरह के दस्तावेज सामने ला रही है।
यह भी पढ़ें- संत कबीरनगर: मगहर रेलवे स्टेशन के पास ट्रेन से कटकर मजदूर की दर्दनाक मौत
प्रदेश की कानून-व्यवस्था पर उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश गुंडों और माफियाओं से मुक्त हुआ है। कुछ लोग जेल से बाहर आने का सपना देख रहे हैं, लेकिन उन्हें जेल में ही रहना होगा। भाजपा सरकार में लोग दिन-रात बिना किसी भय के आवागमन कर सकते हैं। पहले सूर्यास्त के बाद लोग घरों से निकलने से भी डरते थे। उन्होंने भाजपा सरकार को भ्रष्टाचार मुक्त और भयमुक्त शासन देने वाली सरकार बताते हुए दावा किया कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में भाजपा पूर्ण बहुमत के साथ फिर सरकार बनाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।