संतकबीरनगर ब्रह्मानंद हत्याकांड: आठवां आरोपी गिरफ्तार, हत्या में प्रयुक्त बांस का डंडा बरामद
संतकबीरनगर के खलीलाबाद में पहलवान ब्रह्मानंद यादव हत्याकांड में पुलिस ने आठवें आरोपी रामललित यादव को गिरफ्तार कर लिया है। ...और पढ़ें

पुलिस गिरफ्त में आरोपी। जागरण
HighLights
ब्रह्मानंद यादव हत्याकांड में आठवां आरोपी रामललित यादव गिरफ्तार।
हत्या में इस्तेमाल किया गया बांस का डंडा बरामद हुआ।
प्रधानी चुनाव की पुरानी रंजिश हत्या का मुख्य कारण।
जागरण संवाददाता, संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के गोसाईपुर में हुए पहलवान ब्रह्मानंद यादव हत्याकांड में पुलिस ने शुक्रवार को आठवें आरोपित को गिरफ्तार कर लिया। आरोपित की पहचान भगठान (गोसाईपुर) निवासी रामललित यादव के रूप में हुई है।
पुलिस ने उसे बगहिया तिराहे के पास से गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया बांस का डंडा भी बरामद किया गया है। मामले में अब तक आठ आरोपित गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि पांच अन्य की तलाश में पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं।
पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर को रमाकांत यादव के भाई ब्रह्मानंद यादव बुलेट मोटरसाइकिल से गिठनी बाजार जा रहे थे। रास्ते में राकेश यादव के घर के सामने आरोपितों ने उनकी मोटरसाइकिल रोक ली। आरोप है कि हमलावरों ने पहले उनकी आंखों में पिसी लाल मिर्च डाल दी।
इसके बाद लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल ब्रह्मानंद को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस मामले में रमाकांत यादव की तहरीर पर कोतवाली खलीलाबाद में मुकदमा दर्ज किया गया था।
प्रधानी चुनाव की रंजिश में हत्या की साजिश रचने का आरोप
रमाकांत यादव के प्रधान बनने के बाद से उनके परिवार की कुछ लोगों से रंजिश चल रही थी। मई में मारपीट की एक घटना भी हुई थी, जिसके संबंध में कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया गया था। पुलिस के अनुसार, इसी रंजिश के चलते ब्रह्मानंद यादव की हत्या करने और प्रधानी चुनाव में रमाकांत यादव को हराने की साजिश रचने का आरोप है।
यह भी पढ़ें- संतकबीरनगर के बेलौरा गांव के तीन युवाओं का उत्तर प्रदेश पुलिस में चयन, जश्न का माहौल
आरोप है कि घटना के दिन ब्रह्मानंद के मौके पर पहुंचने पर हमलावरों ने उनकी आंखों में लाल मिर्च पाउडर डालकर लाठी-डंडों से हमला किया। इसी दौरान एक अन्य आरोपित ने लोहे की गैंती से उनके सिर और शरीर के अन्य हिस्सों पर वार किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए और उनकी मौत हो गई।
