ब्रह्मानंद हत्याकांड: आरोपित महिलाओं को हाईकोर्ट से भी नहीं मिली राहत, गिरफ्तारी की तैयारी तेज
पहलवान ब्रह्मानंद हत्याकांड में आरोपित दो महिलाओं समेत तीन लोगों को जिला न्यायालय के बाद इलाहाबाद हाईकोर्ट से भी अग्रिम ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, संतकबीरनगर। पहलवान ब्रह्मानंद हत्याकांड में आरोपित दो महिलाओं समेत तीन लोगों को अदालत से राहत नहीं मिली है। जिला न्यायालय में अग्रिम जमानत याचिका खारिज होने के बाद इलाहाबाद हाईकोर्ट में दाखिल याचिका भी खारिज हो गई है। उधर, मामले में फरार चल रहे आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है।
कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र में 22 सितंबर, 2026 को ब्रह्मानंद यादव की हत्या कर दी गई थी। आरोप है कि गिठिनी बाजार जाते समय रास्ते में घात लगाकर बैठी निशा यादव और शीला देवी ने उनकी आंखों में पिसा हुआ लाल मिर्च पाउडर डाल दिया था। इसके बाद अन्य सहआरोपितों ने लाठी-डंडे, गंडासे और फरसे से हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया था।
इस मामले में आरोपित निशा यादव और शीला देवी की ओर से जिला एवं सत्र न्यायालय में अग्रिम जमानत के लिए प्रार्थना पत्र दाखिल किया गया था। 23 अक्टूबर को जनपद एवं सत्र न्यायाधीश ने अपराध की गंभीरता और अभियोजन पक्ष की ओर से प्रस्तुत साक्ष्यों को देखते हुए दोनों की अग्रिम जमानत याचिकाएं खारिज कर दी थीं।
इसके बाद आरोपित पक्ष ने इलाहाबाद हाईकोर्ट में याचिका दाखिल कर 22 सितंबर को दर्ज प्राथमिकी निरस्त करने और गिरफ्तारी से राहत देने की मांग की थी। न्यायमूर्ति चंद्रधारी सिंह और न्यायमूर्ति तरुण सक्सेना की खंडपीठ के समक्ष सुनवाई के दौरान याचिकाकर्ताओं के अधिवक्ता ने गुण-दोष के आधार पर निर्णय कराए बिना याचिका वापस लेने की अनुमति मांगी। साथ ही कानून के तहत अन्य उचित विकल्प अपनाने की स्वतंत्रता देने का अनुरोध किया।
यह भी पढ़ें- संत कबीर नगर में परंपरा बचाने को घूम रहा चाक, आधुनिक सजावटी सामानों ने घटाई मिट्टी के दीयों की मांग
राज्य सरकार की ओर से इस पर कोई आपत्ति नहीं जताई गई। इसके बाद हाईकोर्ट ने याचिका वापस लेने की अनुमति देते हुए उसे खारिज कर दिया। हालांकि, न्यायालय ने मामले के गुण-दोष पर कोई निर्णय नहीं दिया और न ही प्राथमिकी निरस्त की है।
कोतवाली प्रभारी जयप्रकाश दुबे ने बताया कि हाईकोर्ट से याचिका खारिज होने के बाद फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगाई गई हैं। संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। आरोपितों को जल्द गिरफ्तार करने का प्रयास किया जा रहा है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।