विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 23, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

Sambhal Bulldozer Action: इधर SDM का हुआ तबादला, उधर रुक गया बुलडोजर; एक हफ्ते में 100 से अधिक मकान-दुकान ध्वस्त

By Jagran NewsEdited By: Aysha Sheikh
Published: Mon, 23 Jun 2025 07:00 PM (IST)Updated: Mon, 23 Jun 2025 07:12 PM (IST)

डिप्टी कलेक्टर विनय मिश्रा, जो अवैध कब्जों को हटाने के लिए जाने जाते थे, के तबादले की खबर से अवैध ...और पढ़ें

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, चंदौसी। शहर के नालों पर बनी दुकानों से लेकर तमाम अवैध कब्जों को हटवाने के लिए जिला ही नहीं मंडल भर में चर्चा में रहे डिप्टी कलक्टर विनय मिश्रा के तबादले की खबर मिलने के बाद अवैध कब्जे करने वालों की बांछें खिल गईं। जहां तोड़फोड़ का काम चल रहा था, रोक दिया गया। शहर के लक्ष्मण गंज में 34 मकानों और मस्जिद को तोड़ने की प्रक्रिया रविवार को ही एसडीएम ने शुरू कराई थी।

एक बिना लेआउट के बनाई जा रही कालोनी में अवैध प्लाटिंग को ध्वस्त कराने की कार्रवाई भी शुरू की गई थी, लेकिन उनके जाने की खबर के बाद सबकुछ जहां का तहां रुक गया। एसडीएम के तबादले से अवैध कब्जा करने वालों में खुशी तो शहर की जनता में बेहद निराशा है। बीते वर्ष अक्टूबर से अतिक्रमण के खिलाफ अभियान की कमान डिप्टी कलक्टर विनय मिश्रा ने संभाली तो एक सप्ताह में ही सौ से अधिक मकान व दुकानों को ध्वस्त कर दिया गया।

शहर का दिल कहे जाने वाले फव्वारा चौक की तो सूरत ही बदल दी गई। नालों पर बनी दर्जनों दुकानों को तोड़ दिया गया। यही नहीं जिस मकान में विनय मिश्रा स्वयं रह रहे थे उसे भी अतिक्रमण के दायरे में आने के कारण स्वयं बुलडोजर चलवाकर तुड़वा दिया था। 30 अप्रैल को प्रयागराज मेला प्राधिकरण की ओर से पत्र जारी कर विनय मिश्रा को संभल में कार्यभार ग्रहण करने के आदेश दिए गए थे। उन्होंने यहां आते ही पूरी तरह से बंद हो चुके अतिक्रमण अभियान को फिर से शुरू कर दिया।

स्कूल और बैंक समेत कई इमारतों को तुड़वा दिया। इसी महीने चार जून को यहां तैनात एसडीएम निधि पटेल को हटाकर जिलाधिकारी द्वारा उन्हें चंदौसी का एसडीएम बनाया गया। चार्ज मिलते ही नगर पालिका कार्यालय में बैठक कर लक्ष्मण गंज में नगर पालिका की जमीन पर अवैध रूप से क ब्जा कर बनाए गए 34 मकान व एक मस्जिद के साथ ही दो प्लाट के कब्जेदारों को नोटिस जारी किए गए।

इसी दिन रात में जारई गेट स्थित कब्रिस्तान पर रात में बुलडोजर चलवाकर सरकारी जमीन को मुक्त कराते हुए सड़क निर्माण भी कराया। इसके साथ ही शक्तिनगर व गोशाला रोड स्थित बड़े नालों को जल्द से जल्द बनाए जाने के लिए संबंधित ठेकेदारों को हिदायत दी। बीते रविवार को भी वह बुलडोजर के साथ निकले और तहसील के पास बिना लेआउट के बनाई जा रही दुर्गाधाम से सटी कालोनी में बुलडोजर चलवा दिया।

चूंकि शाम हो चुकी थी सो प्लाटिंग करने वालों को कल यानि आज सोमवार तक स्वयं अवैध प्लाटिंग ध्वस्त करने का आदेश दिया था। 23 जून की सुबह जब पता लगा कि अब विनय मिश्रा का तबादला हो गया है तो अवैध निर्माण पर चलने वाले हथौड़े रुक गए और बुलडोजर शांत हो गया। लक्ष्मण गंज के जिस स्कूल को तोड़ा जाना था वह भी नहीं हुआ। डीएम डा. राजेंद्र पैंसिया का कहना है कि जो भी अवैध कब्जे चिह्नित किए गए हैं उन्हें हर हालत में ध्वस्त कराया जाएगा।