विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Jun 22, 2025 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

'अब जंगलराज नहीं, हिम्मत हो तो कर लो पत्थरबाजी...', मस्जिद हटाने की कार्रवाई के दौरान बोले संभल सीओ अनुज चौधरी

By Jagran News NetworkEdited By: Abhishek Pandey
Published: Sun, 22 Jun 2025 10:35 PM (IST)Updated: Sun, 22 Jun 2025 10:46 PM (IST)

सीओ अनुज चौधरी सरकारी जमीन पर बनी मस्जिद को हटाने की कार्रवाई के दौरान अपने बयानों को लेकर फिर चर्चा ...और पढ़ें

चंदौसी जारई रोड स्थित दुर्गाधाम कालोनी का नक्शा पास न होने की वजह से कार्यवाही करते एसडीएम विनय मिश्रा। जागरण

चंदौसी जारई रोड स्थित दुर्गाधाम कालोनी का नक्शा पास न होने की वजह से कार्यवाही करते एसडीएम विनय मिश्रा। जागरण

जागरण संवाददाता, संभल। अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहने वाले सीओ अनुज चौधरी एकबार फिर चर्चा में हैं। सरकारी जमीन पर बनी मस्जिद को हटाने की कार्रवाई के दौरान कहा कि प्रदेश में अब जंगलराज नहीं है, अगर किसी में हिम्मत है तो एक बार पत्थरबाजी करके देख लो। प्रशासन हर परिस्थिति से निपटने को पूरी तरह तैयार है।

चंदौसी में नगरपालिका की भूमि पर बने एक मस्जिद और 32 अन्य निर्माण चिन्हित किए गए हैं। इन्हें खुद ध्वस्त करने का नोटिस दिया गया था। जिसकी अवधि 21 जून को पूरी हो चुकी है। मस्जिद को ध्वस्त किया जा रहा है। गुंबद को गिराने के लिए एक्सपर्ट बुलाए गए हैं।

रविवार को एसडीएम विनय कुमार मिश्रा और सीओ अनुज चौधरी स्थिति का जायजा लेने पहुंचे। इस दौरान मस्जिद के अध्यक्ष सिराजुद्दीन व शहर इमाम मौलाना नाजिम से बातचीत के दौरान अधिकारियों से एक अन्य व्यक्ति ने कहा कि सर, हम प्रशासन का पूरा सहयोग कर रहे हैं। हमने खुद सभी छतों की जांच कर ली है कि कहीं पत्थर आदि तो नहीं रखे गए हैं। इसपर सीओ ने सख्त संदेश देते हुए कहा कि अगर किसी ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश की, तो उसे बख्शा नहीं जाएगा। पत्थरबाजी जैसी हरकत का माकूल जवाब दिया जाएगा।

इससे पहले होली के समय संभल में तैनाती के दौरान शांति समिति की बैठक में सीओ ने कहा था कि जुमा साल में 52 बार आता है, होली एक आती है। यदि किसी को रंग से परहेज है, तो उसे घर से नहीं निकलना चाहिए। सीओ ने बताया कि ध्वस्तीकरण की कार्रवाई पूरी तरह शांतिपूर्ण और कानून के दायरे में की जा रही है। हमने पहले ही सभी को साफ कर दिया है कि अफवाह, तनाव या उपद्रव की कोई भी कोशिश सख्ती से कुचली जाएगी।