गंगा तट पर दुग्धाभिषेक के साथ 'सिसौना डांडा मेला' का आगाज, हरि बाबा बांध धाम में हुआ झंडी पूजन
संभल में सिसौना डांडा गंगा मेले का हरि बाबा बांध धाम में झंडी पूजन और गंगा तट पर दुग्धाभिषेक के साथ विधिवत शुभारंभ हो गया।

मेला गंगा सिसौना डांडा घाट पर दुग्ध अभिषेक करतीं जिला पंचायत की प्रशासक डॉ. अनामिका यादव। फोटो- जागरण
HighLights
सिसौना डांडा गंगा मेले का हरि बाबा बांध धाम में शुभारंभ।
जिला पंचायत प्रशासक ने गंगा तट पर किया दुग्धाभिषेक।
मेले में सुरक्षा और सुविधाओं के व्यापक इंतजाम किए गए।
संवाद सहयोगी, संभल। आस्था और भक्ति के संग रविवार को सिसौना डांडा गंगा मेले का विधिवत शुभारंभ हो गया। जिला पंचायत की प्रशासक डॉ. अनामिका यादव ने हरि बाबा बांध धाम में विधि-विधान से झंडी पूजन किया। इसके बाद परंपरागत झंडी को लेकर यात्रा मेला स्थल के लिए रवाना हुई।
श्रद्धालुओं और क्षेत्रीय लोगों की मौजूदगी में झंडी मेला स्थल तक पहुंची, जहां उसे विधिवत स्थापित कराया गया। इसके बाद जिला पंचायत प्रशासक ने गंगा घाट पर मां गंगा का दुग्धाभिषेक कर वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजा-अर्चना और आराधना की। धार्मिक अनुष्ठानों के साथ मेले का आगाज हुआ। गंगा मैया के जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर लगने वाले इस मेले में दूरदराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए घाटों पर साफ-सफाई, प्रकाश, पेयजल और सुरक्षा के इंतजाम किए गए हैं। मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रम, कवि सम्मेलन, ब्रज की फूलों की होली और विभिन्न सरकारी विभागों की प्रदर्शनी भी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। पुलिस, पीएसी और दमकल विभाग की टीमें सुरक्षा व्यवस्था संभालेंगी।
एसपी ने गंगा मेले की सुरक्षा व्यवस्था परखी
मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा और कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए रविवार को एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने घाट और मेला क्षेत्र की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को ब्रीफ करते हुए पूरी सतर्कता और मुस्तैदी से ड्यूटी करने के निर्देश दिए।
एसपी ने कहा कि श्रद्धालुओं के साथ शालीन और सहयोगात्मक व्यवहार रखा जाए। भीड़ प्रबंधन, यातायात व्यवस्था और संवेदनशील स्थानों की निगरानी पर विशेष ध्यान दिया जाए। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिसकर्मी तैयार रहें और आपसी समन्वय से जिम्मेदारी निभाएं।
उन्होंने मेला क्षेत्र में शांति और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश भी दिए। इस दौरान एएसपी दक्षिणी मनोज कुमार रावत, सीओ यातायात स्तुति सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।
150 पुलिसकर्मी और तीन मोटरबोट संभालेंगी सुरक्षा
एसपी विकास चंद्र त्रिपाठी ने बताया कि सिसौना डांडा गंगा मेले में श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। सुरक्षा व्यवस्था की कमान दो सीओ संभालेंगे। इनमें सीओ यातायात स्तुति सिंह को यातायात और सुरक्षा संबंधी जिम्मेदारी दी गई है, जबकि गुन्नौर सीओ अंकित मिश्रा भी तैनात रहेंगे।
अस्थायी कोतवाली प्रभारी धर्मेंद्र यादव के अलावा आठ निरीक्षकों की अलग-अलग स्थानों पर तैनाती की गई है। इनमें मुख्य घाट पर दो निरीक्षक रहेंगे, जबकि बस टावर, मुख्य द्वार, मेला परिसर, मीना बाजार और अधिकारियों की सुरक्षा सहित अन्य स्थानों पर निरीक्षक निगरानी करेंगे।
इनके साथ 25 उपनिरीक्षक, 100 हेड कांस्टेबल और कांस्टेबल, आठ महिला उपनिरीक्षक और करीब 50 महिला कांस्टेबल तैनात रहेंगी। मेले में गोपनीय सूचना इकाई यानी खुफिया एजेंसी भी लगातार निगरानी रखेगी। सुरक्षा के लिए पीएसी की एक प्लाटून तैनात रहेगी, जबकि बाढ़ राहत की एक प्लाटून तीन मोटरबोट के माध्यम से गंगा में निगरानी करेगी।
इसके अलावा निजी गोताखोरों की टीम भी तैनात की गई है। किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए दमकल विभाग की तीन फायर गाड़ियां मौके पर मौजूद रहेंगी। घाटों, प्रवेश द्वारों, पार्किंग और भीड़भाड़ वाले स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाएगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।