'चलो कुंती पुत्रों, तिगरी धाम चलें', महाभारत युद्ध के बाद पांडवों के साथ आए थे श्रीकृष्ण; कराया था खास अनुष्ठान
तिगरी गंगा मेला अपनी भव्यता और महाभारत काल से जुड़े पौराणिक महत्व के लिए प्रसिद्ध है, जहां भगवान श्रीकृष्ण ने पांडवों से दीपदान कराया था।

तिगरी मेले का विहंगम दृश्य। फोटो- जागरण
HighLights
तिगरी गंगा मेले का महाभारत काल से गहरा संबंध।
भगवान श्रीकृष्ण ने पांडवों से कराया था दीपदान अनुष्ठान।
लाखों श्रद्धालु करते हैं दिवंगत आत्माओं की शांति हेतु दीपदान।
आसिफ अली, अमरोहा। गंगा की लहरों पर तैरते हजारों दीप, घाटों पर गूंजते हर-हर गंगे के जयकारे और दूर-दूर तक नजर आती तंबुओं की नगरी। तिगरी गंगा मेले की भव्यता केवल श्रद्धा और आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका रिश्ता महाभारत काल की पौराणिक मान्यताओं से भी जुड़ा हुआ है।
मान्यता है कि महाभारत युद्ध समाप्त होने के बाद जब पांडव अपने स्वजन की मृत्यु से व्यथित थे, तब भगवान श्रीकृष्ण उन्हें लेकर तिगरी गंगा तट पर पहुंचे थे। युद्ध में मारे गए स्वजन और वीरगति को प्राप्त योद्धाओं की आत्मा की शांति के लिए भगवान श्रीकृष्ण ने पांडवों से यहां दीपदान कराया था। इसी मान्यता ने तिगरी के दीपदान को विशेष धार्मिक पहचान दी है।
पौराणिक मान्यता के अनुसार महाभारत के युद्ध में पांडवों और कौरवों के पक्ष से बड़ी संख्या में योद्धा, रिश्तेदार और स्वजन मारे गए थे। युद्ध जीतने के बाद भी पांडव अपनों को खोने के दुख से उबर नहीं पा रहे थे। ऐसे में भगवान श्रीकृष्ण ने उन्हें दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए धार्मिक अनुष्ठान और दीपदान का महत्व समझाया।

मान्यता है कि कार्तिक चतुर्दशी पर श्रीकृष्ण पांडवों को लेकर गंगा के तट पर आए और उनसे दिवंगत स्वजन की स्मृति में दीपदान कराया। तभी से कार्तिक पूर्णिमा से एक दिन पहले दीपदान की परंपरा चली आ रही है।
हालांकि इस प्रसंग के ऐतिहासिक प्रमाण उपलब्ध नहीं हैं, लेकिन स्थानीय लोकमान्यता और पीढ़ियों से चली आ रही परंपरा ने इसे तिगरी मेले की विशिष्ट पहचान बना दिया है। तिगरी में दीपदान का दृश्य बेहद भावुक और मनोहारी होता है।

परिवार के लोग गंगा स्नान के बाद अपने दिवंगत परिजनों की स्मृति में दीपक जलाते हैं। इन्हें छोटी टटिया अथवा चटाई पर रखकर गंगा की धारा में प्रवाहित किया जाता है। शाम ढलते ही हजारों दीप गंगा की लहरों पर जगमगाने लगते हैं।
कोई अपने माता-पिता को याद करता है तो कोई पूर्वजों और परिवार के दूसरे दिवंगत सदस्यों की आत्मा की शांति के लिए दीपदान करता है। यह परंपरा केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि अपनों के प्रति श्रद्धा और स्मृतियों को संजोने का भावनात्मक माध्यम भी है।
25 लाख श्रद्धालुओं से गुलजार होने का अनुमान
पश्चिमी उत्तर प्रदेश के सबसे बड़े धार्मिक आयोजनों में शामिल तिगरी गंगा मेले की भव्यता देखते ही बनती है। कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर यहां करीब 25 लाख श्रद्धालुओं के पहुंचने का अनुमान रहता है। अमरोहा, मुरादाबाद, संभल, बिजनौर, मेरठ समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों के अलावा दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान तक से श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं।
कई दिन पहले से ही गंगा की खादर में तंबुओं की नगरी बसने लगती है। हजारों परिवार अपने ट्रैक्टर-ट्राली और अन्य वाहनों से पहुंचकर अस्थायी आशियाने बनाते हैं। मेले में धार्मिक शिविर, संतों के अखाड़े, भंडारे, पूजन-अर्चन, सांस्कृतिक कार्यक्रम और सजी-धजी दुकानें आकर्षण का केंद्र बनती हैं। मेले की रौनक दिन-रात बनी रहती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।